राहुल गांधी का नीतीश-भाजपा पर हमला, रिमोट कंट्रोल BJP के हाथ में है, इन्हें सामाजिक न्याय से मतलब नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में नीतीश कुमार के चेहरे का सिर्फ इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि रिमोट कंट्रोल पूरी तरह से भाजपा के हाथ में है, जिन्हें सामाजिक न्याय से कोई मतलब नहीं है।
राहुल गांधी ने जनसभा में आए लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की और दावा किया कि महागठबंधन की सरकार सभी समाज और धर्मों की सरकार होगी, जिसकी प्राथमिकता बिहार को विकास के पथ पर आगे ले जाना होगा।
जातीय जनगणना पर PM मोदी को घेरा
राहुल गांधी ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हमने लोकसभा में प्रधानमंत्री से जातीय जनगणना कराने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा। उन्होंने बिहार के लोगों की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि यहाँ के लोग दिल्ली, बेंगलुरु, गुजरात और मुंबई जैसे महानगरों को बनाने में लगे हैं, और यहाँ तक कि दुबई भी बिहार के लोगों की मेहनत से बना है।

मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार चाहिए
सीएम नीतीश कुमार पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 20 साल से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं, जो खुद को अति-पिछड़ा बताते हैं, लेकिन शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने क्या सुधार किया? उन्होंने कहा, आप सभी मोबाइल के पीछे देखिए, सभी में मेड इन चाइना लिखा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और गलत जीएसटी लागू करके बिहार के छोटे कारोबारियों को बर्बाद कर दिया।
राहुल गांधी ने अपनी सरकार बनने पर बड़ा वादा करते हुए कहा, हम चाहते हैं कि अब ऐसा न हो। अब हर चीज, मोबाइल, पैंट-शर्ट, सब पर ‘मेड इन बिहार’ लिखा जाए। बिहार के युवाओं को रोजगार मिले और यहाँ की फैक्ट्रियों में ही सब चीजें बनें। हम ऐसा बिहार बनाना चाहते हैं। अंत में, उन्होंने दावा किया कि बिहार को बदला जा सकता है और महागठबंधन की सरकार यह बदलाव लाएगी।
Also Read: भदोही: गैंगस्टर एक्ट में कुर्क थार गाड़ी नहीं सौंपी, अब पूर्व विधायक विजय मिश्र की बहू पर FIR

