‘पीएम मोदी सच्चाई से डरे हुए हैं, इसीलिए…’,  राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के भीतर चल रहा टकराव अब निजी हमलों और तीखी बयानबाजी में बदल गया है। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिए बिना ही प्रधानमंत्री का संबोधन टलने पर राहुल गांधी ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। राहुल ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही कह दिया था कि प्रधानमंत्री आज सदन का सामना नहीं कर पाएंगे।

‘मैंने पहले ही कहा था वो नहीं आएंगे’

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी सच्चाई का सामना करने से बच रहे हैं। उन्होंने दोपहर में ही यह अंदेशा जता दिया था कि प्रधानमंत्री सदन में नहीं दिखेंगे। राहुल ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री डरे हुए हैं। वे उन सवालों के जवाब नहीं देना चाहते जो आज पूरा देश पूछ रहा है’।

पूर्व सेना प्रमुख की किताब पर छिड़ा विवाद

राहुल गांधी ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह संसद में प्रधानमंत्री को पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की एक किताब भेंट करना चाहते थे। राहुल के मुताबिक इस किताब में चीन के साथ सीमा विवाद का जिक्र है। राहुल का दावा है कि जब चीनी सेना सीमा में दाखिल हुई, तब सेना प्रमुख को फैसले के लिए लंबा इंतजार कराया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि नाजुक वक्त में राजनीतिक नेतृत्व (प्रधानमंत्री) ने जिम्मेदारी सेना पर डाल दी और खुद पीछे हट गए। हालांकि, सत्ता पक्ष की ओर से पीयूष गोयल ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस किताब का राहुल जिक्र कर रहे हैं, वह अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है।

हंगामे की भेंट चढ़ी कार्यवाही

लोकसभा में शाम पांच बजे जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो पीठासीन सभापति संध्या राय ने विपक्षी सांसदों से शांत होने की अपील की। लेकिन विपक्ष के शोर-शराबे और नारेबाजी के कारण स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। इसी अफरातफरी के बीच प्रधानमंत्री अपना वक्तव्य नहीं दे सके और सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

राहुल गांधी का कहना है कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है और उन्हें सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जा रहा है।

Also Read: अमेठी: चाची के घर भतीजे ने ही डाल दिया डाका, 12 लाख के जेवरात और नकदी समेत 4 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.