यह आत्महत्या नहीं, संस्थागत हत्या है, सतारा डॉक्टर सुसाइड केस पर राहुल गांधी का बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के सतारा में महिला डॉक्टर के आत्महत्या मामले पर राजनीतिक बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। डॉक्टर द्वारा सुसाइड से पहले सीनियर अफसरों पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद आरोपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने भले ही सरेंडर कर दिया हो, लेकिन इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सीधे महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस घटना को एक सभ्य समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली त्रासदी बताया। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि बलात्कार और उत्पीड़न से तंग आकर महिला डॉक्टर ने आत्महत्या की। उन्होंने लिखा, एक होनहार डॉक्टर बेटी, जो दूसरों का दर्द मिटाने की आकांक्षा रखती थी, भ्रष्ट सत्ता और तंत्र में बैठे अपराधियों की प्रताड़ना का शिकार बन गई।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जिसे अपराधियों से जनता की रक्षा की ज़िम्मेदारी दी गई थी, उसी ने इस मासूम के खिलाफ़ सबसे घिनौना अपराध किया, उसके साथ बलात्कार और शोषण किया। उन्होंने इस घटना को ‘संस्थागत हत्या’ बताते हुए कहा, यह आत्महत्या नहीं, संस्थागत हत्या है। रिपोर्ट्स के अनुसार, BJP से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों ने उस पर भ्रष्टाचार का दबाव डालने की कोशिश भी की। सत्ता संरक्षित आपराधिक विचारधारा का ये सबसे घिनौना उदाहरण है।
महाराष्ट्र के सतारा में बलात्कार और उत्पीड़न से तंग आकर डॉ. संपदा मुंडे की आत्महत्या किसी भी सभ्य समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली त्रासदी है।
एक होनहार डॉक्टर बेटी, जो दूसरों का दर्द मिटाने की आकांक्षा रखती थी, भ्रष्ट सत्ता और तंत्र में बैठे अपराधियों की प्रताड़ना का शिकार…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 26, 2025
डर नहीं, न्याय चाहिए
राहुल गांधी ने सीधे बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सत्ता अपराधियों की ढाल बन जाए, तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए? उन्होंने कहा कि लेडी डॉक्टर की मौत इस बीजेपी सरकार के अमानवीय और संवेदनहीन चेहरे को उजागर करती है। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़े रहने का आश्वासन देते हुए कहा, हम न्याय की इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़े हैं। भारत की हर बेटी के लिए अब डर नहीं, न्याय चाहिए।
Also Read: पंचायत प्रतिनिधियों को देंगे पेंशन और 50 लाख का बीमा कवर, तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान

