राहुल गांधी को रायबरेली में मिला दादा फिरोज गांधी का ड्राइविंग लाइसेंस, मां सोनिया को भेजी फोटो
Raebareli News: अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उस समय भावुक हो गए, जब एक स्थानीय परिवार ने उन्हें उनके दादा फिरोज गांधी की एक बेहद निजी और नायाब निशानी सौंपी। यह निशानी थी फिरोज गांधी का दशकों पुराना ड्राइविंग लाइसेंस, जिसे एक परिवार ने कई पीढ़ियों से बहुत सहेज कर रखा था।
मंच पर मिली दादा की याद
राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस से आईटीआई स्थित राजीव गांधी स्टेडियम पहुंचे थे। वहां एक स्थानीय परिवार मंच पर आया और उन्हें उनके खानदान की यह ऐतिहासिक विरासत सौंपी। अपने दादा का लाइसेंस हाथ में लेते ही राहुल की आंखें नम हो गईं। वह काफी देर तक उसे उलट-पलट कर देखते रहे और अपनी यादों में खो गए। उन्होंने तुरंत मोबाइल से लाइसेंस की फोटो खींची और मां सोनिया गांधी को व्हाट्सएप कर दी। अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी इस भावुक पल की पुष्टि की।
राहुल गांधी यहाँ यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने मैदान पर उतरकर खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, उनका हौसला बढ़ाया और टूर्नामेंट की शुरुआत की। खेल के मैदान पर राहुल को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ी भी काफी उत्साहित नजर आए।
खेल के बाद राहुल गांधी मनरेगा चौपाल में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। मजदूरों की समस्याओं पर बात करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, मनरेगा सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब मजदूरों का स्वाभिमान है और उनके रोजगार का अधिकार है। हम इस अधिकार को किसी भी कीमत पर कमजोर या तबाह नहीं होने देंगे।
Also Read: KGMU धर्मांतरण मामला: डॉक्टर रमीज की पूछताछ पूरी, मोबाइल-लैपटॉप से मिले चौंकाने वाले सबूत

