पीड़ितों का दर्द बांटने भागीरथपुरा पहुंचे राहुल गांधी, मध्य प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचे। वे सीधे शहर के भागीरथपुरा इलाके में गए, जहां हाल ही में दूषित पानी पीने की वजह से एक भयानक त्रासदी हुई है। राहुल गांधी ने उन परिवारों से मुलाकात की जिन्होंने अपने अपनों को खोया है और उन लोगों का हाल जाना जो अभी भी इस बीमारी के दंश से जूझ रहे हैं।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए पूरे भागीरथपुरा और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राहुल ने प्रभावित घरों में जाकर पीड़ितों से बातचीत की और इस पूरी घटना की जानकारी ली।
मैं विपक्ष का नेता हूं, यहां लोगों की मृत्यु हुई है, मैं इनका मुद्दा उठाने आया हूं। यह मेरा काम है, मेरी जिम्मेदारी बनती है हमारे देश में लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा, मैं इनके साथ खड़ा रहने यहां आया हूं
– राहुल गांधी pic.twitter.com/SYs4SKQ8ot
— Lutyens Media (@LutyensMediaIN) January 17, 2026
गौरतलब है कि भागीरथपुरा में पाइपलाइन में गंदा पानी मिलने के कारण संक्रमण फैला था, जिससे अब तक 20 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाए हुए है। राहुल गांधी के दौरे से पहले भी कांग्रेस ने कई बड़े कदम उठाए हैं। पार्टी ने पीड़ितों के हक के लिए स्थानीय स्तर पर न्याय यात्रा निकाली।
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की है और पूरे मामले की न्यायिक जांच पर अड़ी है। कांग्रेस का कहना है कि पूरे शहर का ‘वाटर ऑडिट’ कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। मामले के तूल पकड़ने के बाद राज्य सरकार ने भी एक्शन लिया है। लापरवाही के आरोप में नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है और कई के प्रभार बदल दिए गए हैं।
Also Read: UP में डिफेंस कॉरिडोर को मिलेगा विस्तार, निवेश और रोजगार को नई रफ्तार

