NEET 2026 पेपर लीक पर राहुल गांधी का तीखा हमला, छात्रा आकांक्षा की मौत पर सरकार को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 परीक्षा के पेपर लीक और उसके बाद पैदा हुई अनिश्चितता ने एक और होनहार छात्रा की जान ले ली है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस दुखद घटना को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मध्य प्रदेश के मऊगंज की रहने वाली 18 वर्षीय आकांक्षा की खुदकुशी का जिक्र करते हुए कहा कि इस परीक्षा घोटाले ने देश की युवा पीढ़ी से एक और जीवन छीन लिया है। डॉक्टर बनकर समाज की सेवा का सपना देखने वाली आकांक्षा ने परीक्षा रद्द होने और दोबारा एग्जाम की अनिश्चितता के चलते नागपुर में अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
आकांक्षा के पिता कृष्ण कुमार चतुर्वेदी एक बेहद साधारण किसान हैं। उन्होंने अपनी बेटी के सुनहरे भविष्य के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए करीब 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था। कोचिंग की भारी-भरकम फीस और नागपुर में रहने का खर्च उठाने के लिए वे खुद वहां एक रसोइये (कुक) के रूप में काम करने लगे थे। आकांक्षा ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक बेहद भावुक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने लिखा, “मम्मी-पापा… अब मेरे पास दोबारा नीट की परीक्षा देने का साहस नहीं बचा है।” गौरतलब है कि 5 मई को हुई इस परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई को रद्द कर दिया था, जिसके बाद से आकांक्षा गहरे मानसिक तनाव में थी।
पीएम मोदी और शिक्षा मंत्री पर बड़ा निशाना
इस पूरे मामले को लेकर देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अनियमितताओं और धांधली के संगीन आरोपों के बाद फिलहाल सीबीआई इस पेपर लीक कांड की जांच कर रही है और कई संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के पूरे एजुकेशन सिस्टम को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है, जिसका खामियाजा आज देश के बेकसूर और होनहार छात्रों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
Also Read: बिजनौर रैली से पहले नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने ही घर में नजरबंद, पुलिस से तीखी नोकझोंक

