हमारे वोटर हटाए जा रहे हैं, राहुल गांधी ने सबूत के साथ चुनाव आयोग पर लगाया बड़ा आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाए और एक प्रेजेंटेशन के जरिए दिखाया कि कैसे ‘सुनियोजित तरीके’ से लोगों के वोट डिलीट किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के वोटरों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सीधे-सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे उन लोगों को बचा रहे हैं, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है। राहुल ने अपनी बात के समर्थन में कई सबूत भी पेश किए।
सेंट्रलाइज्ड तरीके से हटाए जा रहे वोट
राहुल गांधी ने कर्नाटक के आलंद निर्वाचन क्षेत्र का उदाहरण दिया, जहां 6,018 वोट हटाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब एक बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। जांच में पता चला कि वोट हटाने वाला कोई और था, जिसे खुद इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
राहुल ने दावा किया कि ये वोट सेंट्रलाइज्ड तरीके से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि कुल कितने वोट हटाए गए, यह संख्या 6,018 से कहीं ज़्यादा हो सकती है। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि ये फॉर्म ऑटोमैटिक भरे जा रहे हैं और इसके लिए कर्नाटक के नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के मोबाइल नंबर इस्तेमाल हो रहे हैं।
उन्होंने कई उदाहरण दिए, जैसे एक व्यक्ति के नाम पर 12 वोट डिलीट किए गए, जिसे खुद इसकी जानकारी नहीं थी। एक और व्यक्ति ने 14 मिनट में 12 वोट और दूसरे ने तो 36 सेकंड में 2 फॉर्म भर दिए। ये सब काम सुबह 4 बजे हो रहे थे।
हमें चुनाव आयोग के अंदर से मिल रही है मदद
यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस मामले को लेकर कोर्ट या किसी एजेंसी का दरवाजा खटखटाएंगे, राहुल गांधी ने कहा कि यह उनका काम नहीं है। उनका काम लोकतंत्र में हिस्सा लेना है, उसकी रक्षा करना नहीं। यह काम भारत की संस्थाओं का है, और चूंकि वे यह नहीं कर रही हैं, इसलिए उन्हें यह करना पड़ रहा है। राहुल ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा, मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि अब हमें चुनाव आयोग के अंदर से ही जानकारी मिलनी शुरू हो गई है, और यह रुकने वाला नहीं है।
Also Read: Ghaziabad News: विदेशियों की जानकारी बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 11 गिरफ्तार

