राहुल गांधी ने मखाना किसानों से की मुलाकात, तालाब में उतरकर जानी उनकी समस्याएँ
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान शनिवार को बिहार के कटिहार पहुँचे। यहाँ उन्होंने मखाना किसानों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को समझा। यात्रा की शुरुआत आज भागलपुर के नवगछिया से हुई।
जब यह यात्रा कटिहार के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र पहुँची, तो राहुल गांधी ने स्थानीय मखाना किसानों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ तालाब में उतरकर मखाना निकालने की पूरी प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने किसानों से पूछा कि मखाना कैसे तैयार होता है और उन्हें किन-किन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर उनके साथ बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम भी मौजूद थे।
राहुल गांधी की यह यात्रा लोगों से लगातार जुड़ रही है। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हैं। यह वोटर अधिकार यात्रा का सातवाँ दिन है, जो नवगछिया से शुरू होकर आज कटिहार के डुमर, भोला पासवान चौक, कोढ़ा होते हुए पूर्णिया पहुँचेगी। इस यात्रा में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेता भी शामिल हो रहे हैं।
इंडिया गठबंधन के इस अभियान के तीसरे चरण में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। वह 26 और 27 अगस्त को इस यात्रा से जुड़ेंगी। इसके अलावा, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
16 दिन की यात्रा का मकसद
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से शुरू हुई थी। इसका मकसद मतदाताओं के अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। यह यात्रा 16 दिनों में लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी और 1,300 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ होगा।
Also Read: प्रयागराज एक्सप्रेस में छात्रा से छेड़छाड़, जीआरपी दीवान निलंबित

