रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी, सतांव में पहली बार करेंगे आम जनता से संवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार शाम रायबरेली पहुंचने वाले हैं, जहां वे दो दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और आम जनता से भी सीधा संवाद करेंगे।
राहुल गांधी बुधवार शाम भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे और गुरुवार को जिले के कई इलाकों का दौरा करेंगे। शुरुआत में वे पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें खासतौर पर आगामी पंचायत चुनावों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके बाद वे ऊंचाहार के बाबूंगज जाएंगे, जहां वे एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यही नहीं, उनका अगला पड़ाव होगा सतांव का गौरा पार्वती मंदिर मेला परिसर, जहां वे स्थानीय लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे और क्षेत्र की समस्याएं जानेंगे।
15 साल बाद सतांव में कांग्रेस का कोई बड़ा चेहरा
सतांव वह इलाका है, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का गढ़ माना जाता है। ऐसे में राहुल गांधी का इस क्षेत्र में जाना राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस का कोई बड़ा नेता सतांव नहीं पहुंचा था। इससे पहले 15 साल पहले सोनिया गांधी ने यहां दौरा किया था।
सियासी हलचल और नए संकेत
इस दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी अपने इस दौरे के ज़रिए न सिर्फ पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस के संगठन को मज़बूत करने की कोशिश करेंगे, बल्कि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के क्षेत्र में जाकर सियासी संदेश भी देंगे।
चूंकि राहुल गांधी पहली बार सतांव का दौरा कर रहे हैं यहां तक कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी वे वहां नहीं गए थे इसलिए यह दौरा और भी खास हो गया है। स्थानीय नेता उम्मीद जता रहे हैं कि इस दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और आगामी चुनावों में पार्टी को नया जोश मिलेगा।
Also Read: लखनऊ का खुला नाला बना खतरा, जिम्मेदारों को है हादसे का इंतजार?

