संसद में राहुल गांधी ने बिट्टू को कहा- नमस्ते मेरे गद्दार दोस्त, भड़के केंद्रीय मंत्री ने दिया करारा जवाब

Sandesh Wahak Digital Desk: राजनीति में रिश्तों का बदलना कोई नई बात नहीं है, लेकिन बुधवार को संसद परिसर के मकर द्वार पर जो हुआ, उसने इस कड़वाहट को सरेआम कर दिया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच जमकर जुबानी तीर चले। राहुल गांधी के एक चुटीले तंज ने माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया।

वाकया तब हुआ जब राहुल गांधी मकर द्वार पर कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उसी समय केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। उन्हें देखते ही राहुल गांधी ने कथित तौर पर उन पर तंज कसा। राहुल ने मुस्कराते हुए हाथ मिलाने की कोशिश की और कहा- नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त! चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में ही आओगे।

बिट्टू का पलटवार, आप देश के दुश्मन हैं

राहुल गांधी के इस गद्दार वाले कटाक्ष पर रवनीत सिंह बिट्टू बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने राहुल गांधी से हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया और बेहद सख्त लहजे में कहा कि वे (राहुल गांधी) देश के दुश्मन हैं। दोनों नेताओं के बीच कुछ पलों तक तीखी बहस चलती रही और आसपास खड़े नेता व सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बनकर यह नजारा देखते रहे। हालांकि, माहौल बिगड़ता देख अन्य नेताओं ने बीच-बचाव किया और मामला शांत हुआ।

गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं और लंबे समय तक कांग्रेस में रहे हैं। वे राहुल गांधी के करीबी नेताओं में शुमार थे, लेकिन चुनाव से ठीक पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। राहुल गांधी की टिप्पणी इसी पाला बदलने की टीस को दर्शा रही थी, तो वहीं बिट्टू ने भी अब पूरी तरह भाजपाई रंग में जवाब दिया।

Also Read: बसंतगढ़ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.