राहुल गांधी के धरने के बाद पैलेट गन केस में दर्ज हुई FIR, कौन हुआ नामजद?

Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने में धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह केस छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर दर्ज किया गया है। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर शिकायत दी गई थी। मामले में अभी किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है और एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है।

साहिल की शिकायत को लेकर थाने पहुंचे थे राहुल गांधी

राहुल गांधी शुक्रवार को प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। उन्होंने साहिल लोचब पर पैलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। राहुल गांधी ने कहा था कि जब तक केस दर्ज नहीं होता, वह थाने से नहीं हटेंगे।

राहुल गांधी का दावा है कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई थी। उन्होंने कहा था कि इस घटना से जुड़े उनके पास पुख्ता प्रमाण हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल केस में किसी आरोपी का नाम नहीं है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच करेगी।

इससे पहले राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने साफ कहा था कि एफआईआर दर्ज होने तक उनका धरना जारी रहेगा। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किस परिस्थिति में और किसके द्वारा किया गया था।

Also Read: लखनऊ में 6 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बना मर्डर प्लान, 2 लाख की दी गई सुपारी, 6 गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.