राहुल गांधी ने बिहार से शुरू की वोटर अधिकार यात्रा, बोले- यह संविधान बचाने की लड़ाई

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को बिहार से अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ वोट के अधिकार की नहीं, बल्कि देश के संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपने वोटों की चोरी नहीं होने देंगे। इस मौके पर राजद अध्यक्ष लालू यादव समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेता मौजूद थे।

चुनाव आयोग ने जादू से बनाए नए वोटर

राहुल गांधी ने अपनी बात को साबित करने के लिए महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सभी सर्वे में ‘इंडिया’ गठबंधन को जीतते दिखाया जा रहा था, लेकिन नतीजे कुछ और ही आए। उन्होंने आरोप लगाया, जब हमने जांच की तो पता चला कि चुनाव आयोग ने जादू से एक करोड़ नए वोटर बना दिए और ये सभी वोट भाजपा गठबंधन को मिले।

उन्होंने आगे कहा, मैंने जब ‘वोट चोरी’ पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, तो चुनाव आयोग ने मुझसे डेटा सही होने का एफिडेविट मांगा। मैं पूछना चाहता हूँ कि जब डेटा चुनाव आयोग का है, तो मुझसे एफिडेविट क्यों माँगा जा रहा है?

जातीय जनगणना पर भी किया वादा

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर अरबपतियों के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, आप वोट डालते हैं, आपका वोट चोरी किया जाता है और आपका सारा पैसा 5-6 अरबपतियों को दे दिया जाता है।

उन्होंने जातीय जनगणना पर भी बात की और वादा किया कि जब ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार आएगी, तो वे जातीय जनगणना कराएंगे और 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को भी खत्म करेंगे। उन्होंने कहा, गरीब और कमजोर लोगों के पास सिर्फ वोट का हक है और चुनाव आयोग जो कर रहा है, वह सबको पता है।

Also Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिसकर्मियों से वेतन वसूली के आदेश रद्द किए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.