सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी, 20 मिनट तक चली कार्यवाही, अगली सुनवाई 9 मार्च को
Sultanpur News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर की एमपी/एमएलए अदालत में पेश हुए। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर साल 2018 में की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। अदालत ने राहुल गांधी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का यह अंतिम अवसर दिया था।
राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए दोपहर निर्धारित समय पर सुल्तानपुर पहुंचे। कोर्ट रूम में करीब 20 मिनट तक कार्यवाही चली, जहाँ राहुल गांधी ने अपना आधिकारिक बयान दर्ज कराया। बयान दर्ज कराते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन पर यह मुकदमा केवल राजनीतिक दुर्भावना के कारण दर्ज कराया गया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख तय की है।
छावनी में तब्दील रहा कचहरी परिसर
राहुल गांधी की पेशी को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा की कमान एक एडिशनल एसपी (ASP) और चार क्षेत्राधिकारियों (CO) के हाथ में थी। कचहरी परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच के लिए डॉग स्क्वायड ने सघन तलाशी ली। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच समर्थकों और मीडिया की भारी भीड़ जुटी रही।
यह विवाद करीब 8 साल पुराना है। साल 2018 में कर्नाटक में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस पर सुल्तानपुर के बीजेपी नेता विजय मिश्र ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इससे पहले जुलाई 2024 में भी राहुल कोर्ट में पेश हुए थे, लेकिन पिछली कुछ तारीखों पर न आने के बाद कोर्ट ने उन्हें आज पेश होने का सख्त आदेश दिया था।
Also Read: राजनीति का शुद्धिकरण कर रहे योगी आदित्यनाथः डॉ. डेविड फ्रॉले

