PM मोदी छात्रों से मांगें माफी, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखीं तीन मांगें
Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने के एक दिन बाद बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखीं। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से माफी मांगें और स्वीकार करें कि इस मामले में सरकार से गलती हुई है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग दोहराई।
’10 साल में 152 पेपर लीक, फिर भी किसी को सजा नहीं’
राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में 152 प्रश्न-पत्र लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन किसी भी मामले में दोषियों को सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि छात्र पहले से ही भारी मानसिक दबाव में रहते हैं। कई छात्र आत्महत्या तक कर चुके हैं, जबकि परिवार अपनी मेहनत की कमाई बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं पर खर्च करते हैं। ऐसे में परीक्षा से पहले पेपर लीक की खबर आना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सोमवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों ने छात्रों के साथ बर्बरता की, उनके खिलाफ कार्रवाई हो। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की जरूरत है, ताकि छात्रों को तनाव नहीं बल्कि सुरक्षित और निष्पक्ष व्यवस्था का भरोसा मिल सके।
Also Read: 10 साल में 152 पेपर लीक, पुलिस कार्रवाई पर राहुल गांधी बोले- इसमें छात्रों का क्या कसूर

