Sambhal News: इंडियन स्टेट वाले विवादित बयान पर राहुल गांधी की मुश्किलें फिर बढ़ीं, हाईकोर्ट में याचिका दायर
Sambhal News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंडियन स्टेट वाले विवादित बयान को लेकर चल रहा कानूनी मामला अब इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुँच गया है। संभल की एमपी-एमएलए कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने शुक्रवार को हाईकोर्ट में नई याचिका दाखिल की है, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई गई है।
सिमरन गुप्ता ने अपनी याचिका में कहा है कि राहुल गांधी का इंडियन स्टेट वाला बयान सीधे तौर पर संवैधानिक संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अविश्वास पैदा करता है। उनका कहना है कि यह बयान राष्ट्र-विरोधी है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, इसलिए इस पर उचित एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। गुप्ता ने साफ कहा कि वह न्याय की उम्मीद छोड़ने वाले नहीं हैं और उनकी कानूनी लड़ाई अब हाईकोर्ट में जारी रहेगी।
10 महीने चली थी संभल कोर्ट में सुनवाई
यह पूरा विवाद राहुल गांधी के 15 जनवरी 2025 को दिए गए उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हमारी लड़ाई भाजपा या आरएसएस से नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट से है। इस बयान के बाद कई नेताओं ने इसकी निंदा की थी और सिमरन गुप्ता ने 23 जनवरी 2025 को संभल की एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
करीब दस महीनों तक चली सुनवाई के बाद, संभल कोर्ट ने साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों पर विचार करते हुए 7 नवंबर को यह याचिका खारिज कर दी थी, जिससे राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली थी।
Also Read: सोनभद्र में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, 363 वाहनों का चालान, 17.55 लाख वसूला गया समन शुल्क

