रायबरेली के ‘रण’ में राहुल गांधी, पहली बार किसानों के साथ सजाएंगे चौपाल, मजदूरों तक करेंगे सीधा संवाद

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच चुके हैं। सोमवार देर रात जब वे लखनऊ से सड़क मार्ग होते हुए रायबरेली की सीमा में दाखिल हुए, तो कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि वे पहली बार यहां ‘मनरेगा चौपाल’ के जरिए सीधा जनता की नब्ज टटोलेंगे।

मनरेगा मजदूरों के हक में उठाएंगे आवाज

मंगलवार को राहुल गांधी के दौरे का सबसे खास आकर्षण रोहनिया ब्लॉक का उमरन गांव होगा। यहां वे मनरेगा मजदूरों और किसानों के साथ चौपाल लगाएंगे। चर्चा है कि इस दौरान वे मनरेगा बजट में कटौती और मजदूरों की उपेक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोल सकते हैं। सांसद बनने के बाद यह पहला मौका है जब राहुल गांधी ग्रामीण स्तर पर इस तरह का सीधा संवाद कर रहे हैं।

क्रिकेट की पिच से लेकर लोकार्पण तक के कार्यक्रम

राहुल गांधी का आज का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। गेस्ट हाउस में वे सांसद निधि से बनी सड़कों और बारातघरों का उद्घाटन करेंगे। वे आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में एक क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे। भुएमऊ गेस्ट हाउस में वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें पंचायत चुनाव की तैयारियों और प्रदेश की सियासी स्थिति पर मंथन होगा।

स्वागत में उमड़ी भीड़, देर रात पहुंचे गेस्ट हाउस

सोमवार रात जब राहुल गांधी का काफिला बछरावां, हरचंदपुर और गंगागंज से गुजरा, तो ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में लोग उनके दीदार के लिए खड़े थे। राहुल ने भी गाड़ी से हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से यूपी की राजनीतिक हलचल और ‘एसआईआर’ (SIR) जैसे सांगठनिक कार्यक्रमों का फीडबैक लिया।

राहुल गांधी का पूरा शेड्यूल (20 जनवरी)

सुबह 9 से 10: पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों से मुलाकात।

सुबह 11:15: सांसद निधि के विकास कार्यों का उद्घाटन।

दोपहर 11:45: क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ।

दोपहर 1:45: उमरन गांव में ‘मनरेगा चौपाल’।

विश्राम: रात में भुएमऊ गेस्ट हाउस में रुकेंगे और बुधवार सुबह दिल्ली लौट जाएंगे।

रायबरेली की जनता अपने सांसद को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस ‘चौपाल’ को आने वाले चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

Also Read: सुसाइड या साजिश? सहारनपुर में 5 मौतों से दहला इलाका, जांच में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.