राहुल गांधी का अमेरिका में सिख छात्र से संवाद, 1984 दंगों पर हुई चर्चा

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक सिख छात्र ने उनसे 1984 के सिख दंगों और सिख समुदाय से जुड़े अन्य मुद्दों पर सवाल पूछे।

छात्र ने राहुल गांधी से कहा, “आपने कहा कि राजनीति निडर होनी चाहिए, डरने की कोई बात नहीं होनी चाहिए, लेकिन हम सिर्फ कड़ा पहनना नहीं चाहते, हम सिर्फ पगड़ी बांधना नहीं चाहते, हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता चाहिए, जिसकी कांग्रेस पार्टी के शासन में अनुमति नहीं थी। छात्र ने कांग्रेस पर सिख आवाजों को अनसुना करने और 1984 के दंगों के आरोपी सज्जन कुमार जैसे लोगों को बचाने के भी आरोप लगाए।

भारत में सिख समुदाय के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध

इस पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि उस समय पार्टी की कई गलतियां हुईं, जब वे वहां नहीं थे। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के इतिहास में हुई हर गलती की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा, “मैंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि 80 के दशक में जो हुआ वह गलत था। मैं कई बार स्वर्ण मंदिर गया हूं। भारत में सिख समुदाय के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं।

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस वीडियो को साझा करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “एक युवा छात्र ने राहुल गांधी से कहा कि आपने सिखों के साथ अच्छा नहीं किया है और उन्हें उनकी पिछली अमेरिकी यात्रा के दौरान फैलाए गए कथित डर और भ्रम की याद दिलाई। अब राहुल गांधी को सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

इस घटना ने 1984 के सिख दंगों के मुद्दे को एक बार फिर से सुर्खियों में ला दिया है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

Also Read: पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात योग गुरु स्वामी शिवानंद का निधन, 128 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.