राहुल गांधी का बड़ा दावा, देश में आने वाला है ऐसा आर्थिक तूफान जो सब कुछ तबाह कर देगा
Raebareli News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान केंद्र की मोदी सरकार और देश के शीर्ष उद्योगपतियों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। देश की मौजूदा आर्थिक नीतियों पर गंभीर चिंता जताते हुए राहुल गांधी ने जनता को सचेत किया कि भारत एक अभूतपूर्व आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, देश में जल्द ही एक ऐसी आर्थिक आंधी आने वाली है, जिसे हमारी पीढ़ी ने पहले कभी नहीं देखा होगा। इस तूफान में कुछ भी नहीं टिक पाएगा और इसका सबसे घातक असर देश के गरीब मजदूरों, किसानों और युवाओं पर पड़ेगा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इकॉनमी के ढांचे को इस तरह बदल दिया गया है कि वह आने वाले संकट को झेल नहीं पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तबाही का असर उद्योगपति अडानी-अंबानी या प्रधानमंत्री पर बिल्कुल नहीं होगा, क्योंकि वे अपने सुरक्षित महलों में आराम से रहेंगे, जबकि छोटा दुकानदार और आम नागरिक इसकी चपेट में आकर बर्बाद हो जाएगा।
जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से लगातार देश को आगाह कर रहे हैं कि एक बड़ा आर्थिक संकट आने वाला है जिससे महंगाई आसमान छूने लगेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, जब मैं सच बोलता हूँ, तो सत्ता पक्ष कहता है कि राहुल गांधी को समझ नहीं है। हम आज भी सरकार से मांग कर रहे हैं कि अन्नदाताओं और आम जनता की रक्षा की जाए, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को जनता की दुर्दशा से कोई सरोकार नहीं है।
प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाय पीएम मोदी देशवासियों को विदेश यात्रा न करने की सलाह दे रहे हैं। जबकि वे खुद हर दूसरे दिन हवाई जहाज में बैठकर कभी नॉर्वे तो कभी जापान के दौरों पर निकल जाते हैं।
मीडिया और सोशल मीडिया पर अडानी-अंबानी का कब्जा
राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह से उद्योगपतियों के नियंत्रण में हैं। उन्होंने मुख्यधारा की मीडिया पर भी सवाल उठाए और कहा, टीवी ऑन करते ही आपको सिर्फ अडानी की बातें या अंबानी के घर की शादियां दिखाई देती हैं। देश के गरीब किसानों और उनकी बदहाली पर कोई चर्चा नहीं होती। इसका कारण यह है कि फेसबुक, व्हाट्सएप और हर जगह मोदी की मार्केटिंग यही उद्योगपति करते हैं। यहाँ तक कि मीडियाकर्मी भी खुद स्वीकार करते हैं कि उन्हें वेतन इन्हीं उद्योगपतियों से मिलता है, इसलिए वे उनके खिलाफ नहीं लिख सकते।
जब तक सरकार नहीं बदलोगे, महंगाई कम नहीं होगी
भावुक अपील करते हुए राहुल गांधी ने जनता से कहा कि देश को इस आर्थिक तबाही से बचाने के लिए नागरिकों को खुद आगे आकर सत्ता परिवर्तन करना होगा। उन्होंने कहा, जब तक आप इस सरकार को नहीं बदलेंगे, तब तक देश की जनता की कमाई का पैसा सीधे तौर पर चंद पूंजीपतियों की जेब में जाता रहेगा और उनके महल बड़े होते रहेंगे।
इससे पहले पत्रकारों से बात करते हुए भी उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों और किसानों का पैसा अपने अमीर दोस्तों को सौंप दिया है। उन्होंने अंत में कहा कि चाहे कितना भी बड़ा संकट आ जाए, वह आखिरी सांस तक किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।
Also Read: भारतीय नागरिकता के लिए अब पाक, अफगान और बांग्लादेशी आवेदकों के लिए पासपोर्ट की जानकारी देना अनिवार्य

