बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी जारी, 10 करोड़ कैश बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह से शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने की खबर है। हालांकि विधायक के आवास पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन उनके दफ्तरों और अन्य व्यावसायिक ठिकानों पर अभी भी जांच जारी है।

शादी का स्टीकर लगाकर पहुंची टीम

बलिया में विधायक के आवास पर छापा मारना आयकर विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था, क्योंकि वहां समर्थकों की भारी भीड़ रहती है। टीम ने इसके लिए फिल्मी अंदाज में योजना बनाई। अधिकारी सरकारी खिलाड़ियों के बजाय निजी गाड़ियों में पहुंचे, जिन पर ‘महेंद्र संग संगीता’ के शादी वाले स्टीकर लगे थे। किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई और अधिकारी बारातियों के वेश में सीधे विधायक के घर के अंदर दाखिल हो गए।

सोनभद्र अवैध खनन और सीएजी की रिपोर्ट

यह पूरी कार्रवाई पिछले साल आई सीएजी (CAG) की उस रिपोर्ट से जुड़ी मानी जा रही है, जिसमें सोनभद्र में अवैध खनन के कारण 60 करोड़ रुपये के राजस्व के नुकसान का दावा किया गया था। ‘छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन’ और ‘साईं राम इंटरप्राइजेज’ कंपनियां सड़क निर्माण और खनन के बड़े कारोबार में शामिल हैं।

अधिकारियों और काली कमाई का ‘कलेक्शन’

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी में कुछ ऐसे दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले हैं जो बड़े अफसरों की नींद उड़ा सकते हैं। बरामद कागजों में कथित तौर पर कई नौकरशाहों (ब्यूरोक्रेट्स) के नाम और उन्हें दी जाने वाली रकम का जिक्र है। आयकर विभाग को अंदेशा है कि खनन के इस कारोबार में कई बड़े अधिकारियों की काली कमाई का निवेश किया गया है।

कहां-कहां हुई कार्रवाई?

करीब 50 अधिकारियों की टीम ने लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज सहित 30 से अधिक स्थानों पर एक साथ दबिश दी। लखनऊ के विपुल खंड स्थित विधायक के घर पर तो छानबीन पूरी हो गई है, लेकिन वजीर हसन रोड पर उनके करीबी ठेकेदार ‘फैजी’ और सोनभद्र के सीबी गुप्ता के ठिकानों पर अभी भी दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

Also Read: जापान में सीएम योगी ने 501 किमी/घंटा की स्पीड से किया बुलेट ट्रेन का सफर, बोले- यही है भविष्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.