यूपी समेत कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी, AAP विधायक अमानतुल्लाह खान की तलाश में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल द्वारा ओखला विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक करीब एक दर्जन स्थानों पर रेड्स मारी जा चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद से अमानतुल्लाह खान का मोबाइल फोन बंद है, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा, पुलिस को यह भी आशंका है कि कुछ लोग विधायक की गिरफ्तारी से बचने में उनकी मदद कर रहे हैं।

अमानतुल्लाह खान पर गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान पर दिल्ली पुलिस टीम पर हमला करने, धमकी देने और एक भगोड़े आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़वाने का आरोप है। एफआईआर में दर्ज आरोपों के अनुसार, अमानतुल्लाह ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और वांछित अपराधी शावेज़ को क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार करवा दिया था।

यह घटना जामिया नगर इलाके में हुई, जब पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम शावेज़ को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान, विधायक अमानतुल्लाह खान अपने 20-25 समर्थकों के साथ पहुंचे और पुलिसकर्मियों को धमकाया। अमानतुल्लाह ने पुलिस से कहा, “तुम्हारी यहां आने की हिम्मत कैसे हुई?” और फिर पुलिसकर्मियों को धमकी दी, “यह इलाका हमारा है, यहां से निकल जाओ, वरना तुम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।”

इसके बाद, विधायक ने पुलिसकर्मियों को धमकी देते हुए कहा, “हमारी आवाज पर इतने लोग इकट्ठे हो जाएंगे कि तुम कहां गए, इसका पता नहीं चलेगा।” साथ ही, उन्होंने यह भी कहा, “मैं तुम्हारी वर्दी उतरवा दूंगा, और इस मामले में कोई गवाह नहीं मिलेगा।”

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है, और अमानतुल्लाह खान की तलाश जारी है।

Also Read: Lucknow News: राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन, SGPGI में ली…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.