Lucknow News: छुट्टी नहीं मिली तो लोको पायलट ने अधिकारी के सामने उतार दी पैंट, दिखाई सर्जरी की चोट, वीडियो वायरल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय रेलवे के एक लोको पायलट का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। पाइल्स (बवासीर) के ऑपरेशन के बाद जब अधिकारी ने उनकी छुट्टी बढ़ाने से इनकार कर दिया, तो मजबूरी और गुस्से में आकर पायलट ने दफ्तर में ही अपने घाव दिखाने शुरू कर दिए। रेलवे की इस कार्यप्रणाली को लेकर अब लोग सोशल मीडिया पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं।

लोको पायलट राजेश मीणा ने हाल ही में पाइल्स की सर्जरी कराई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी, जिसके आधार पर वे अपनी छुट्टियां बढ़वाने के लिए चीफ क्रू कंट्रोलर के दफ्तर पहुँचे थे। राजेश ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट, लैब टेस्ट के कागज और दवाइयां अधिकारी रतन कुमार को दिखाईं।

आरोप है कि अधिकारी ने उनकी बीमारी को गंभीरता से नहीं लिया और छुट्टी बढ़ाने की अर्जी नामंजूर कर दी। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो राजेश मीणा ने अपना पैंट उतारकर सर्जरी के ताज़ा घाव अधिकारी को दिखाए ताकि वे उनकी शारीरिक स्थिति का अंदाजा लगा सकें।

सर्जरी के बाद भी आराम नहीं

ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के मुताबिक, राजेश ने 22 फरवरी, 2026 को सर्जरी कराई थी। उन्हें 28 फरवरी तक की छुट्टी (सिक लीव) मिली थी। चूंकि घाव अभी भरा नहीं था, इसलिए डॉक्टर ने उन्हें बेड रेस्ट को बढ़ाने के लिए कहा था। राजेश का कहना है कि उन्होंने अपनी ड्रेसिंग तक दिखाई, लेकिन सिस्टम को उनकी तकलीफ नजर नहीं आई।

रेलवे यूनियन का फूटा गुस्सा

यूनियन के असिस्टेंट सेक्रेटरी जनरल आदर्श कुमार गुप्ता ने इस घटना को कर्मचारी का अपमान बताया है। एसोसिएशन का कहना है कि एक बीमार कर्मचारी को इस हद तक मजबूर करना कि उसे अपने कपड़े उतारकर सबूत देना पड़े, बेहद शर्मनाक है। यूनियन ने दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: Lucknow News: पुलिसवालों ने जमकर खेली होली, बग्घी पर निकले कमिश्नर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.