यूपी में आफत बनकर आई बारिश और बिजली, 10 लोगों की मौत; जौनपुर में सबसे ज़्यादा नुकसान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मंगलवार रात और बुधवार को हुई तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने 10 लोगों की जान ले ली। इस दौरान 13 अन्य लोग भी झुलस गए। मरने वालों में सबसे ज़्यादा तीन लोग जौनपुर जिले के थे।
कहां और कैसे हुईं मौतें?
जौनपुर: सुल्तानपुर गौर गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो किशोरों, किशन (15) और अतुल (13), की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं, नोनारी भुड़कुड़हा गाँव में खेत में काम कर रहे किसान बहादुर गौतम (50) ने भी बिजली की चपेट में आकर दम तोड़ दिया।
सोनभद्र और मिर्ज़ापुर: सोनभद्र के काचन गाँव में बिजली गिरने से 13 वर्षीय अंशिका की मौत हो गई। मिर्ज़ापुर के हलिया में लकड़ी लेने गई उर्मिला (45) भी बिजली गिरने का शिकार हो गईं, जबकि अहुगी कला गांव में पांच लोग झुलस गए।
प्रयागराज: यहां तीन लोगों की जान गई। कोरांव में बकरी चरा रहे महेश उर्फ बबलू (20), करछना में अभिषेक पटेल (16), और मेजा में पशुपालक फूलचंद्र पाल (62) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
सुल्तानपुर और अमेठी: सुल्तानपुर के कादीपुर खुर्द गाँव में दीवार गिरने से मंगरुआ (59) की मौत हो गई। अमेठी के इंदरिया गाँव में कच्ची दीवार गिरने से 3 साल के दिव्यांश ने भी दम तोड़ दिया।

