यूपी में बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड, तराई और पूर्वांचल में बाढ़ जैसे हालात, कई जिलों में अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के तराई और पूर्वांचल इलाकों में बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को रायबरेली में सबसे अधिक 202 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बदायूं में 190 मिमी, अयोध्या में 151 मिमी, बाराबंकी में 140 मिमी और संभल में 122 मिमी बारिश हुई। लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के तराई क्षेत्रों के 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 44 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पूर्वी तराई क्षेत्रों में भारी मानसूनी बारिश की संभावना है, हालांकि बुधवार से बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।

राजधानी लखनऊ में टूटा 6 साल पुराना रिकॉर्ड

लखनऊ में सोमवार को 91 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसने अगस्त महीने का छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2018 में 3 अगस्त को 114.3 मिमी बारिश हुई थी। बारिश के चलते तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 48 घंटे में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे सुबह के समय लोगों को पंखे और एसी तक बंद करने पड़े।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई जिले बाढ़ की चपेट में

गंगा समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर समेत 13 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। वाराणसी में गंगा का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और मणिकर्णिका समेत कई घाट डूब चुके हैं। शहर के कई इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। NDRF और अन्य आपदा प्रबंधन टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

अन्य राज्यों में भी बारिश का असर

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में 10 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में 7 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में बिजली गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौत हो गई। राजस्थान के पूर्वोत्तर हिस्सों में भी अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Also Read: Lucknow News: ASP पर पत्नी की हत्या का मुकदमा दर्ज, परिवार के पांच सदस्य नामजद, जांच में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.