राज कुंद्रा को 150 करोड़ रुपये के बिटकॉइन स्कैम में मिली जमानत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिटकॉइन घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे बिजनेसमैन राज कुंद्रा को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। मुंबई की एक विशेष PMLA (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी है।
राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने कोर्ट में दलील दी कि जांच के दौरान कुंद्रा को कभी हिरासत में नहीं लिया गया था, इसलिए अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद उनसे हिरासत में पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि राज कुंद्रा ने जांच में पूरा सहयोग किया है और 2021 से अब तक वह 6 बार ईडी (ED) कार्यालय जा चुके हैं। मामले से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पहले से ही जांच एजेंसी के पास मौजूद हैं। अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार करते हुए उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
क्या है 150 करोड़ का बिटकॉइन मामला
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुसार, राज कुंद्रा के पास 285 बिटकॉइन हैं, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग 150.47 करोड़ रुपये है। यह बिटकॉइन उन्हें इस घोटाले के मास्टरमाइंड अमित भारद्वाज से मिले थे। ईडी का दावा है कि कुंद्रा ने जानबूझकर बिटकॉइन वॉलेट और अन्य सबूत छिपाए।
चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि कुंद्रा ने अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी के साथ मिलकर बाजार दर से काफी कम कीमत पर कुछ लेनदेन किए, ताकि इस अपराध की कमाई को वैध दिखाया जा सके। हालांकि, कुंद्रा का कहना है कि उन्होंने केवल एक मध्यस्थ (Broker) के रूप में काम किया था।
विवादों से रहा है पुराना नाता
राज कुंद्रा का विवादों में रहना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले साल 2021 में उन्हें पॉर्नोग्राफी फिल्म प्रोडक्शन मामले में भी गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त राज कुंद्रा को मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में करीब 63 दिन बिताने पड़े थे। अब बिटकॉइन घोटाले में जमानत मिलने के बाद उन्हें फिलहाल जेल नहीं जाना पड़ेगा, हालांकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
Also Read: Bareilly News: 20 लाख की अफीम के साथ दो गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी बरामद

