‘UP-बिहार के लोगों को लात मारूंगा’, राज ठाकरे के बिगड़े बोल, मुंबई चुनाव से पहले गरमाई सियासत
Sandesh Wahak Digital Desk: बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के मतदान से ठीक तीन दिन पहले महाराष्ट्र की राजनीति में ‘भाषा’ और ‘प्रांतवाद’ का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को सीधी चेतावनी देते हुए ‘लात मारकर बाहर करने’ की धमकी दी है। रविवार को हुई एक साझा रैली में उन्होंने मराठी अस्मिता के नाम पर जमकर जहर उबला।
राज ठाकरे का विवादित बयान
सूत्रों के मुताबिक राज ठाकरे ने प्रवासियों और हिंदी भाषा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा “UP और बिहार के लोगों को समझ लेना चाहिए कि हिंदी आपकी एकमात्र भाषा नहीं है। मुझे किसी भाषा से नफरत नहीं है, लेकिन अगर आप इसे महाराष्ट्र पर थोपेंगे, तो मैं आपको लात मारकर बाहर निकाल दूंगा।”
उन्होंने स्थानीय लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह मराठी मानुष के लिए अस्तित्व की आखिरी लड़ाई है। बाहरी लोग आकर आपका हक छीन रहे हैं। राज ने कार्यकर्ताओं से 15 जनवरी को होने वाले मतदान के दौरान अलर्ट रहने को कहा और निर्देश दिया कि यदि कोई फर्जी वोटिंग की कोशिश करे, तो उसे तुरंत बाहर फेंक दें।
उद्धव ठाकरे का बीजेपी पर प्रहार
राज ठाकरे के बाद शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मोर्चा संभाला और भाजपा पर तीखे हमले किए। उद्धव ने तमिलनाडु के भाजपा नेता के. अन्नामलाई के बयानों का हवाला देते हुए सवाल किया कि क्या भाजपा मुंबई का नाम बदलकर फिर से ‘बंबई’ करना चाहती है? उद्धव ने भाजपा के राष्ट्रवाद को ‘नकली’ करार देते हुए कहा कि बीजेपी अब राष्ट्र से ज्यादा भ्रष्टाचार को प्राथमिकता देने वाली पार्टी बन गई है।
15 जनवरी को BMC का ‘महामुकाबला’
बीएमसी चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान होना है। राज और उद्धव की यह जुगलबंदी और प्रवासियों के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी को चुनाव ध्रुवीकरण की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, इन बयानों के बाद उत्तर भारतीय समाज में भारी नाराजगी है, जिसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ सकता है।
Also Read: कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, शराब के नशे में पिता ने पत्नी और ढाई साल के बेटे का गला रेता

