राजा भैया की बेटी राघवी का आरोप, कोर्ट सुनवाई से पहले मां पर हुआ जानलेवा हमला, पुलिस नहीं लिख रही FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: कुंडा के विधायक राजा भैया के पारिवारिक विवाद ने अब एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। राजा भैया की बड़ी बेटी राघवी कुमारी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली स्थित उनके आवास पर आधी रात को एक हथियारबंद हमलावर ने दहशत फैलाने की कोशिश की। राघवी के मुताबिक, यह हमला उनकी मां भानवी सिंह की कोर्ट में होने वाली सुनवाई को प्रभावित करने और उन्हें डराने के मकसद से किया गया है।

राघवी कुमारी ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए पूरी घटना का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया, दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित उनके घर के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति आया और उसने गेट व कार में आग लगाने की कोशिश की। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति हाथ में पिस्टल लहरा रहा है और दीवार फांदकर घर के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा है। राघवी ने कहा कि उनकी मां, उनकी बहन और खुद उनकी जान अब खतरे में है।

पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

राघवी कुमारी इस बात से सबसे ज्यादा आहत हैं कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद सफदरजंग पुलिस थाना हाथ पर हाथ धरे बैठा है। उन्होंने कहा, हमने लिखित शिकायत दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की है। आखिर उस व्यक्ति को किसने भेजा था? हम सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच चाहते हैं।

कोर्ट की सुनवाई और बढ़ता विवाद

यह घटना उस समय हुई जब अगले ही दिन दिल्ली की MP-MLA कोर्ट (राउज एवेन्यू) में भानवी सिंह से जुड़े मामले की सुनवाई होनी थी। राघवी का मानना है कि यह हमला सिर्फ इत्तेफाक नहीं है, बल्कि उनकी मां को कानूनी लड़ाई से पीछे हटने के लिए मजबूर करने का एक तरीका है।

Also Read: Varanasi News: मनरेगा, गांधी और सरकार की नीतियों पर अजय राय का तीखा प्रहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.