राजा भैया की सास मंजुल सिंह ने बेटी भानवी और पूर्व मैनेजर पर लगाया करोड़ों के वित्तीय फ्रॉड का आरोप

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति के कद्दावर नेता और कुंडा से विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के परिवार से जुड़ा एक गंभीर विवाद सामने आया है। विधायक की सास मंजुल सिंह ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में अपनी बेटी भानवी सिंह (राजा भैया की पत्नी) और अपने पूर्व मैनेजर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ वित्तीय फर्जीवाड़े और दस्तावेजी धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप है कि पूर्व मैनेजर ने धोखाधड़ी, कूटरचना (फर्जीवाड़ा) और आपराधिक विश्वासघात जैसे गंभीर अपराधों में भूमिका निभाई है। मंजुल सिंह ने पुलिस से तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

70 दुकानों के किराए और फर्जी किरायानामा का आरोप

शिकायतकर्ता मंजुल सिंह, जो गोखले मार्ग स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट में रहती हैं, ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मंजुल सिंह का आरोप है कि आरोपी राजेश प्रताप सिंह ने उनके नाम पर फर्जी किरायानामा तैयार किया और इसे वैध दस्तावेज़ की तरह प्रस्तुत किया, जबकि दस्तावेज़ पर उनके हस्ताक्षर मौजूद नहीं हैं। प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख है कि मंजुल सिंह की लगभग 70 दुकानों का किराया और सुरक्षा राशि आरोपी ने स्वयं वसूल कर ली, और इस पूरी प्रक्रिया से उन्हें अनजान रखा गया।

Raja Bhaiya

मोबाइल फोन में मिले डिजिटल साक्ष्य

मामले में नया मोड़ तब आया जब मंजुल सिंह ने दावा किया कि स्पष्टीकरण के लिए घर बुलाए जाने पर पूर्व मैनेजर राजेश प्रताप सिंह ने अपनी गलती कथित रूप से स्वीकार कर ली। शिकायत के अनुसार, उसने कहा कि यह सब उसने भानवी सिंह के निर्देश पर किया। मंजुल सिंह का कहना है कि राजेश ने माफी माँगते हुए अपना मोबाइल फोन उनके पास छोड़ दिया, जिसमें कथित वसूली और फर्जीवाड़े के डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। यह मोबाइल फोन अब पुलिस को सौंप दिया गया है।

स्थानीय स्तर पर इस बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े को लेकर चर्चा गर्म है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दस्तावेजों और मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल सामग्री के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जाँच पूरी होने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी।

Also Read: हार्ट ब्लॉकेज की सटीक जानकारी देती है ये जांच, नजरअंदाज न करें ये लक्षण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.