करोड़पति निकला कनिष्ठ सहायक, ACB के छापे में 75 लाख कैश, 1 किलो सोना और आलीशान बंगले का खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति आज फलोदी में तैनात एक सरकारी कर्मचारी पर भारी पड़ गई। फलोदी की पंचायत समिति बाप में तैनात कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant) शुभकरण परिहार के ठिकानों पर जब ACB की टीमों ने शुक्रवार सुबह दस्तक दी, तो वहां कुबेर का खजाना’ बरामद हुआ।

ACB के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के मुताबिक, शुभकरण के बीकानेर स्थित मातेश्वरी एन्कलेव आवास पर तलाशी के दौरान नोटों की गड्डियां देख टीम हैरान रह गई। अब तक की गिनती में 75 लाख रुपये नकद बरामद हो चुके हैं। इसके अलावा घर से 1 किलो से ज्यादा सोना और 2 किलो चांदी के जेवरात मिले हैं।

जांच में जो सबसे चौंकाने वाला तथ्य सामने आया, वो यह है कि शुभकरण ने अपनी पूरी नौकरी के दौरान जितनी वैध कमाई की, उसके पास उससे 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली है। भ्रष्टाचार की यह काली कमाई करोड़ों में है, जिसकी सटीक गणना अभी की जा रही है।

जमीन और मकानों की लंबी फेहरिस्त

भ्रष्टाचार की इस कमाई से इस बाबू ने एक बड़ी रियासत खड़ी कर ली थी। अब तक की जांच में जो संपत्तियां सामने आई हैं, उनमें बीकानेर शहर में 03 आलीशान मकान, पुनरासर गांव में 1 भव्य रहवासी बंगला और करीब 17 हेक्टेयर (लगभग 65-70 बीघा) जमीन, जो खुद के और बेनामी नामों पर खरीदी गई थी शामिल है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में बीकानेर और फलोदी के 5 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। ब्यूरो की टीमें बैंक खातों और अन्य निवेश संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई और बेनामी संपत्तियों और बड़े निवेशों का खुलासा हो सकता है।

Also Read: BarabankiNews: गुमशुदा नहीं, गिरफ्तार हुए सपा प्रवक्ता, लगे छेड़छाड़ के आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.