जैसलमेर बॉर्डर पर संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में यूपी का मौलवी हिरासत में, पाकिस्तान से तार जुड़े होने का शक
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान एटीएस ने जैसलमेर जिले के सरहदी इलाके तनोट-किशनगढ़ से एक 45 वर्षीय मौलवी को हिरासत में लिया है। पकड़ा गया मौलवी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से भारत-पाकिस्तान सीमा के बेहद करीब स्थित कुरिया बेरी गांव में रह रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को उसके पास से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जो राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की ओर इशारा कर रहे हैं।
आधी रात को हुआ सीक्रेट ऑपरेशन
एटीएस की टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि सीमावर्ती इलाके में धार्मिक कार्यों की आड़ में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए शनिवार रात एटीएस ने बेहद गोपनीय तरीके से कुरिया बेरी गांव में दबिश दी। ऑपरेशन को इतना गुप्त रखा गया कि रात के अंधेरे में हुई इस कार्रवाई की भनक गांव वालों को सुबह उजाला होने पर लगी। मौलवी उत्तर प्रदेश का निवासी है, जो जैसलमेर के इस दूरदराज इलाके में धार्मिक काम करने के बहाने रह रहा था।
जैसलमेर का तनोट और लोंगेवाला इलाका सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। एटीएस को संदेह है कि मौलवी सीमा पार (पाकिस्तान) के संपर्कों के साथ मिलकर किसी बड़ी साजिश या जासूसी के काम में जुटा था। शुरुआती दौर में स्थानीय स्तर पर पूछताछ करने के बाद, एटीएस की टीम आरोपी को लेकर जयपुर मुख्यालय रवाना हो गई है। वहां सुरक्षा विशेषज्ञ उससे विस्तार से पूछताछ करेंगे।
Also Read: Sambhal News: प्रशासन के बुलडोजर से पहले ग्रामीणों ने रातों-रात जमींदोज की मदीना मस्जिद

