राजस्थान में नकल माफिया का पर्दाफाश, बायोमेट्रिक जांच ने पकड़ा डमी उम्मीदवार, 3 परीक्षाओं में लाखों की ठगी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार ने नकल रोकने के लिए सख्त नियम बनाए हैं, लेकिन जालसाज हर बार कोई न कोई नया तरीका खोज लेते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला भरतपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ऐसे शातिर शख्स को पकड़ा है, जिसने पिछले दो साल में तीन बड़ी परीक्षाओं में दूसरे की जगह पेपर दिया और लाखों रुपये कमाए।

यह मामला भीलवाड़ा में हुई कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान सामने आया। शास्त्री नगर के एक स्कूल में परीक्षा देते समय सुनील कुमार गुर्जर नाम का युवक बायोमेट्रिक जांच में संदिग्ध पाया गया। सिस्टम में पहले से दर्ज उसके फिंगरप्रिंट किसी और की जगह मैच होने का अलर्ट मिला। जांच में पता चला कि यह युवक पहले भी किसी और के नाम से परीक्षा दे चुका है।

भरतपुर के पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि 1 जून 2025 को हुई प्री-डीएलएड परीक्षा में सुनील ने दीपक गुर्जर की जगह पेपर दिया था। उस वक्त वह पकड़ा नहीं गया और दीपक पास भी हो गया। लेकिन जब सुनील अपने नाम से कांस्टेबल परीक्षा देने आया, तो उसके पुराने कारनामे सामने आ गए।

तीन बार डमी उम्मीदवार बना, लाखों का सौदा
पुलिस पूछताछ में सुनील ने कबूल किया कि वह गांव के हंसराज गुर्जर के कहने पर डमी उम्मीदवार बना था। वह अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर परीक्षा में बैठता था।

पशु परिचर परीक्षा 2024: इस परीक्षा के लिए उसने 6 लाख रुपये लिए थे।

प्री-डीएलएड परीक्षा: इसके लिए 25 हजार रुपये मिले।

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025: इस परीक्षा के लिए भी 25 हजार रुपये तय हुए थे।

सुनील ने बताया कि वह तकनीकी जानकार था और आधार कार्ड में फोटो बदलकर फर्जी पहचान पत्र तैयार करता था। इसी वजह से वह अब तक पुलिस की गिरफ्त में आने से बचा रहा।

अब नया डेटाबेस करेगा पर्दाफाश

इस तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए राजस्थान सरकार एक नया डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रही है। इसमें हर परीक्षार्थी की फोटो, फिंगरप्रिंट और उसकी परीक्षा से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी। इससे बायोमेट्रिक जांच के दौरान तुरंत पता चल जाएगा कि कोई उम्मीदवार पहले किन-किन परीक्षाओं में शामिल हुआ है। इस कदम से भविष्य में इस तरह के फर्जीवाड़े पर रोक लगने की उम्मीद है।

Also Read: चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बेरोजगार युवाओं को बड़ा तोहफा, अब हर माह मिलेंगे 1000 रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.