राजस्थान: फलौदी में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक में घुसा तेज़ रफ़्तार टेंपो, 15 श्रद्धालुओं की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर रविवार देर शाम एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलायत मंदिर से दर्शन कर जोधपुर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक तेज़ रफ़्तार टेंपो ट्रैवलर के सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस जाने से 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार ये भारतमाला एक्सप्रेसवे, हनुमान सागर चौराहे के पास, मतोड़ा थाना क्षेत्र, फलोदी जिले में हुआ। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में जोधपुर के सूरसागर निवासी 18 लोग सवार थे। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर घायलों को ओसियां अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर तुरंत जोधपुर रेफर किया गया।

फलोदी के डीएसपी अचलसिंह देवड़ा ने बताया कि टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। शवों को निकालने में पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और राहत दल को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस का मानना है कि टेंपो ट्रैवलर की तेज गति और कम दृश्यता के कारण ड्राइवर खड़े ट्रक को नहीं देख पाया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी दुख जताते हुए घायलों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश माथुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया।

Also Read: पहली बार खिताब पर कब्ज़ा: डीवाई पाटिल में लहराया तिरंगा, महिला टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप जीतकर रचा कीर्तिमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.