राजस्थान में नए साल पर धमाके की साजिश नाकाम, 150 किलो विस्फोटक के साथ कार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल के स्वागत की तैयारियों के बीच राजस्थान पुलिस ने एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। टोंक जिले में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक मारुति सियाज कार को पकड़ा, जिसमें यूरिया के कट्टों के नीचे भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

टोंक के डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में संदिग्ध सामान ले जाया जा रहा है। इसके बाद बरौनी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। जब बूंदी की ओर से आ रही सियाज कार को रोककर तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। कार के अंदर से 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ, जिसे यूरिया के कट्टों में बहुत शातिर तरीके से छिपाया गया था।

हथियारों और तार का जखीरा बरामद

अमोनियम नाइट्रेट के अलावा कार से विस्फोटक से जुड़ी अन्य सामग्री भी मिली है। 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज बरामद किए गए। करीब 1100 मीटर लंबा फ्यूज वायर (6 बंडल) मिला है। इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक किसी भी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए काफी था।

दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान 48 वर्षीय सुरेंद्र और 33 वर्षीय सुरेंद्र मोची के रूप में हुई है। ये दोनों ही बूंदी जिले के करवर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी? क्या इसका इस्तेमाल नए साल के कार्यक्रमों में किसी गड़बड़ी के लिए होना था या फिर यह अवैध माइनिंग (खनन) के लिए ले जाया जा रहा था?

Also Read: ‘लोकसभा से बेइज्जत करके निकाला गया, जिंदा रहा तो…’, बृजभूषण सिंह का छलका दर्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.