बरवार गैंग का सक्रिय सदस्य राजेश खन्ना उर्फ खन्ने चढ़ा STF के हत्थे

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से लूट, चोरी, छिनैती और टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम दे रहे बरवार गैंग के कुख्यात सदस्य राजेश खन्ना उर्फ खन्ने को प्रतापगढ़ के मवई बाईपास तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार किया गया आरोपी 50 वर्षीय राजेश खन्ना उर्फ खन्ने गोंडा जनपद के थाना धानेपुर छेदक पुरवा, बनगाई बर्वार का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली कुण्डा, जनपद प्रतापगढ़ में दर्ज धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मुकदमे में वांछित चल रहा था।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

20 जून, 2025 को दोपहर STF की फील्ड यूनिट अयोध्या की टीम प्रतापगढ़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि राजेश खन्ना मवई बाईपास तिराहे पर किसी से मिलने आने वाला है। तुरंत कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक शिव कुमार अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में किए कई अहम खुलासे

पकड़े जाने के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले 15 वर्षों से बरवार गिरोह के साथ मिलकर अपराध कर रहा है। गिरोह में 4-5 सदस्य हैं, जो खासतौर पर बैंक से पैसे निकालने वाले या सोने-चांदी की खरीदारी करने वालों को निशाना बनाते हैं। ये लोग पहले टप्पेबाजी करते हैं और अगर मौका मिले तो एकांत स्थान पर हमला कर नकदी व कीमती सामान लूट लेते हैं। राजेश ने यह भी बताया कि गिरोह की गतिविधियां खासकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में केंद्रित होती हैं।

बरवार गिरोह की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर STF की कई टीमें अलर्ट पर थीं। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में चल रही ऑपरेशन में STF की अयोध्या यूनिट ने यह अहम सफलता हासिल की।

Also Read: UP: 16 साल से फरार 50,000 के इनामी डकैत सतीश उर्फ मनीष गिरफ्तार, STF ने दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.