राजकोट में पुल के नीचे गिरी कार में लगी भीषण आग, 3 शिक्षकों समेत चार की जिंदा जलकर मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। गोंडल-अटकोट हाईवे पर मोटा मांडवा और मोटा दड़वा गांवों के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 8 फीट ऊंचे पुल से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं मिला।

चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, हुंडई कार काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ा और कार सड़क से उतरकर सीधे पुल के नीचे जा पलटी। पलटते ही शायद शॉर्ट सर्किट या फ्यूल टैंक फटने की वजह से कार में भीषण आग लग गई। बदकिस्मती से टक्कर की वजह से कार के दरवाजे पूरी तरह जाम हो गए थे, जिस कारण अंदर बैठे लोग चाहकर भी बाहर नहीं निकल सके।

कार में मिले सिर्फ हड्डियों के ढांचे

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन जब कार की खिड़कियां और दरवाजे काटे गए, तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। कार के भीतर से दो लोगों के कंकाल (Skeletons) बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भीषण रही होगी।

हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में चौधरी आशा, चौधरी नीता और बरैया प्रयाग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, ये तीनों पेशे से शिक्षक (Teacher) थे और छोटा उदयपुर के रहने वाले थे। वे किसी पारिवारिक काम के सिलसिले में गोंडल आए थे, लेकिन वापस लौटते समय मौत ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया। इस हादसे में एक बच्चे की भी मौत की खबर है। राजकोट पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद काफी देर तक ट्रैफिक भी बाधित रहा।

Also Read: महोबा में हाई-वोल्टेज ड्रामा: BJP विधायक ने रोका मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला, सुरक्षाकर्मियों में हाथापाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.