काम पर लौटे राजपाल यादव, अब यूट्यूब पर भी बिखेरेंगे अपनी कॉमेडी का जलवा

Sandesh Wahak Digital Desk: कॉमेडी के जरिए करोड़ों लोगों को हंसाने वाले राजपाल यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार वजह उनकी कोई मुश्किल नहीं, बल्कि उनकी नई शुरुआत है। तिहाड़ जेल से 13 दिन की सजा काटकर बाहर आने के बाद राजपाल ने न केवल फिल्मों में वापसी की है, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए सीधे अपने फैंस से जुड़ने का फैसला किया है।

अब यूट्यूब पर चलेगा राजपाल नौरंग यादव का जादू

राजपाल यादव ने हाल ही में अपनी वैनिटी वैन से एक वीडियो शेयर कर बताया कि वे अपना नया यूट्यूब चैनल शुरू कर रहे हैं। उन्होंने अपने चैनल का नाम ‘राजपाल नौरंग यादव’ रखा है। अभिनेता ने अपने चैनल का एक दिलचस्प मोटो भी दिया है बूढ़े हों या नौजवान, हमको मनोरंजन मिले एक समान। उनका कहना है कि वे अब सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि यूट्यूब के जरिए भी लोगों को गुदगुदाएंगे। उन्होंने मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया और इस नई पारी में भी प्यार बनाए रखने की गुजारिश की।

10 अप्रैल को भूत-बंगला में दिखेंगे पुराने तेवर

राजपाल यादव के फैंस के लिए एक और खुशखबरी यह है कि उनकी फिल्म ‘भूत-बंगला’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म का पहला गाना और पोस्टर रिलीज हो चुका है, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होगी और माना जा रहा है कि इसमें राजपाल का वही पुराना कॉमेडी अवतार देखने को मिलेगा जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Also Read: ये हैं Cardiotoxicity से बचने के आयुर्वेदिक उपाय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.