राकेश कुमार सिंह बने ‘सोशल मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के संयोजक, नई दिल्ली में हुई घोषणा
Sandesh Wahak Digital Desk: पत्रकारिता जगत के जाने-माने चेहरे और करीब तीन दशकों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार सिंह को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिल्ली के प्रतिष्ठित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक विशेष सोशल मीडिया कार्यशाला के दौरान उन्हें ‘सोशल मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (SMAI) का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया।
27 वर्षों के अनुभव का मिलेगा लाभ
एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील डांग ने इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए राकेश कुमार सिंह के शानदार करियर पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राकेश जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 27 वर्षों का लंबा अनुभव है। अपने इस सफर में उन्होंने देश के कई दिग्गज समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनलों में वरिष्ठ पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दी हैं।
युवाओं और सोशल मीडिया के बीच बनेंगे सेतु
अध्यक्ष सुनील डांग ने कार्यक्रम में कहा कि आज के दौर में युवाओं के बीच सोशल मीडिया की लोकप्रियता चरम पर है। सूचनाओं के इस दौर में इसकी विश्वसनीयता और जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ऐसे में राकेश कुमार सिंह जैसे अनुभवी और ऊर्जावान पत्रकार के नेतृत्व से संस्था को नई दिशा मिलेगी। उनका अनुभव सोशल मीडिया के क्षेत्र में काम कर रहे युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
दिग्गज पत्रकारों की रही मौजूदगी
इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सक्रिय पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस खास मौके पर वरिष्ठ पत्रकार समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं, जिन्होंने डिजिटल मीडिया के भविष्य और इसकी चुनौतियों पर मंथन किया।
Also Read: यूपी के कायल हुए मुख्य न्यायाधीश, बोले- हर प्रदेश में दूंगा योगी सरकार का उदाहरण

