UP की राजनीति में ‘RAM’ की एंट्री, अलंकार अग्निहोत्री ने बनाई नई पार्टी, मथुरा से फूंका चुनावी बिगुल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सूबे की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है। कभी सिटी मजिस्ट्रेट की कुर्सी पर बैठकर शहर की व्यवस्था संभालने वाले चर्चित अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री अब नेता बन गए हैं। उन्होंने सोमवार को कान्हा की नगरी वृंदावन से अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा’ (R.A.M. – राम) का औपचारिक ऐलान कर दिया है।

क्यों खास है पार्टी का नाम और झंडा?

अलंकार अग्निहोत्री ने पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का पोस्टर जारी करते हुए इसके पीछे का गहरा अर्थ समझाया। उन्होंने बताया सरकारी व्यवस्थाओं द्वारा छीने गए ‘मूल अधिकारों’ को वापस पाने के लिए इस मोर्चे का नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) रखा गया है। पार्टी के झंडे में भगवान कृष्ण की बांसुरी और प्रभु श्रीराम का धनुष अंकित है। अग्निहोत्री का दावा है कि यह झंडा भारत के संविधान की मूल आत्मा को दर्शाता है।

सरकार पर बोला तीखा हमला: “यह गैर-सनातनी सरकार है”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व अधिकारी के तेवर काफी सख्त नजर आए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार “गैर-सनातनी” है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी (UGC) के नए नियमों के जरिए देश के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने की साजिश रची जा रही है। उनके मुताबिक, सरकार जानबूझकर सामान्य, ओबीसी और एससी-एसटी वर्गों को आपस में लड़ाना चाहती है।

कुर्सी छोड़ने से राजनीति तक का सफर

बता दें कि अलंकार अग्निहोत्री ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद और यूजीसी नियमों के विरोध में अपने सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने साफ कहा, “यह सिस्टम अब हमारा नहीं रहा, इसलिए मैं इससे बाहर आ गया हूं। अब हम जनता के सामने एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेंगे।”

किसकी बढ़ेगी मुश्किल?

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि एक पूर्व अधिकारी का इस तरह ‘राम’ के नाम और सनातनी प्रतीकों के साथ मैदान में उतरना आने वाले चुनावों में समीकरण बदल सकता है। विशेष रूप से उन इलाकों में जहाँ धार्मिक और जातिगत मुद्दे हावी रहते हैं, वहां यह नई पार्टी स्थापित दलों के लिए चुनौती बन सकती है।

Also Read: लखनऊ विश्वविद्यालय में ‘लाल बारादरी’ पर संग्राम, छात्र संगठनों ने घेरा प्रशासनिक भवन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.