‘राम मंदिर आस्था का विषय, लेकिन…’, छपरा में वोट डालने के बाद खेसारी लाल यादव का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा सीट से राजद प्रत्याशी और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने एक बार फिर राम मंदिर और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को छपरा में मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश चलाने के लिए आस्था से ज़्यादा शिक्षा और रोज़गार पर ध्यान देना ज़रूरी है।

राम मंदिर बनाम शिक्षा पर खेसारी का स्टैंड

खेसारी लाल यादव ने राम मंदिर के मुद्दे को आस्था का विषय बताया, लेकिन साथ ही सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए “राम मंदिर में पढ़कर मैं मास्टर, प्रोफेसर या अफसर बन जाऊंगा क्या? नहीं। राम मंदिर आस्था का विषय है, वह अलग है। लेकिन शिक्षा के लिए काम होना चाहिए। शिक्षा से देश चलाया जा सकता है।” उन्होंने आगे कहा, “राम मंदिर बनाइए, मस्जिद बनाइए, उसके लिए जो करना है कीजिए, लेकिन बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यूनिवर्सिटी खोलिए, रोजगार दीजिए।”

विवाद का इतिहास और रवि किशन का पलटवार

खेसारी लाल यादव का यह बयान पहली बार नहीं आया है। उन्होंने 27 अक्टूबर को भी कहा था कि मंदिर ज़रूरी है, लेकिन उससे ज़्यादा ज़रूरी देश में स्कूल, हॉस्पिटल और बाकी ज़रूरी व्यवस्थाएं हैं। उनके इस बयान पर गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन ने 29 अक्टूबर को तीखी प्रतिक्रिया दी थी। रवि किशन ने कहा था कि जहाँ सनातन विरोध या प्रभु श्रीराम के मंदिर पर सवाल उठेगा, वहाँ वह अपने सगे भाई को भी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “भगवान राम, सनातन का अपमान… माई हो, मत करा। बहुत चोट लगेला।”

अखिलेश यादव ने किया समर्थन

इससे पहले, 2 नवंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने छपरा में खेसारी लाल यादव के समर्थन में रैली की थी। उन्होंने कहा था कि इस बार का बिहार चुनाव पूरे देश के लिए खास है और छपरा सीट की चर्चा पूरे भारत में है। उन्होंने दावा किया कि खेसारी लाल यादव जीतकर पटना जाएंगे और जब बिहार के मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बनेंगे, तब पलायन नौजवानों का नहीं, बल्कि भाजपा का होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार ने हमेशा संकट की घड़ी में राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है और इस बार भी इतिहास दोहराया जाएगा।

Also Read: लखनऊ: फर्जी कंपनियों के जरिए 20 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, इंडसइंड बैंक मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.