अयोध्या में राम मंदिर ‘प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह’ का आयोजन, इस दिन राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने जानकारी दी कि 31 दिसंबर को इस भव्य समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति भी संभावित है।

धार्मिक अनुष्ठान और कथा

राम जन्मभूमि परिसर की यज्ञशाला और अंगद टीला परिसर में कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • पांच दिवसीय अनुष्ठान: 27 दिसंबर से 1 जनवरी तक राम जन्मभूमि परिसर की यज्ञशाला में ट्रस्ट के सदस्य जगदगुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ के संयोजन में पाँच दिवसीय अनुष्ठान होगा।

  • श्रीराम कथा: 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक प्रख्यात कथा प्रवाचक जगदगुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य अंगद टीला परिसर में श्रीरामकथा की सुधावृष्टि करेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति

तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आरंभ 31 दिसंबर से होगा, जिसमें देश के नामी कलाकार प्रस्तुति देंगे।

कलाकार / समूह प्रस्तुति
अनूप जलोटा प्रख्यात भजन गायक
सुरेश वाडेकर बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक
तृप्ति शाक्या भजन गायिका
कानपुर की टोली संगीतमय रामचरित मानस का पारायण
छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय की टोली भगवान राम के जीवन पर आधारित नाटक
पूजा दिवाकर (आगरा) राम जन्म से लंका विजय तक की यात्रा पर कथक नृत्य नाटिका

इसके अलावा, समारोह में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका संयोजन जगदीश मित्तल (दिल्ली) करेंगे। ये सभी उत्सव अंगद टीला परिसर में होंगे, जिनमें आम श्रद्धालु भी शामिल हो सकेंगे।

ट्रस्ट की बैठक में निर्णय

यह बैठक शनिवार को मणिराम दास की छावनी में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राम मंदिर निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई और ध्वजारोहण समारोह में हुए खर्च का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।  भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र, महंत दिनेंद्र दास, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, तथा ऑनलाइन माध्यम से कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी और गृह सचिव संजय प्रसाद जैसे वरिष्ठ सदस्य जुड़े रहे।

Also Read: वायु प्रदूषण से निपटने के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, जनवरी 2026 में लॉन्च होगी ‘UPCAMP’ परियोजना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.