रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में जुटान, योगी बोले- यूपी में भी मिलेगा सम्मान

Ram Vilas Paswan Death Anniversary: लखनऊ में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुटे। सुल्तानपुर रोड स्थित दयाल बाग इन इको रिसॉर्ट में हुए कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के न्योते पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे।

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, अनुप्रिया पटेल, मंत्री दयाशंकर सिंह और लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान को यूपी की जनता की ओर से श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पासवान जी को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश में भी दिलाएंगे। योगी ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपना पूरा जीवन सामाजिक लड़ाई के लिए समर्पित किया।

50 साल पहले शुरू हुई लड़ाई की विरासत चिराग आगे बढ़ा रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 50 साल पहले रामविलास पासवान ने जिस सामाजिक लड़ाई की शुरुआत की थी, उसकी राजनीतिक विरासत अब उनके बेटे चिराग पासवान आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लखनऊ में पुण्यतिथि का आयोजन करने के लिए पार्टी का आभार भी जताया।

लोजपा (रामविलास) ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी इससे पहले 5 जुलाई को लखनऊ के आईजीपी में रामविलास पासवान की जयंती का कार्यक्रम कर चुकी है। इसके अलावा 27 सितंबर को प्रयागराज में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें युवाओं से जुड़े शिक्षा, रोजगार और आरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई थी। युवा संवाद की शुरुआत 24 सितंबर को पटना से हुई थी।

403 सीटों पर तैयारी, सीट शेयरिंग पर अभी बात नहीं

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहले ही यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी का ऐलान कर चुके हैं। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए चुनाव प्रभारियों की तैनाती भी की है। हालिया बयानों में चिराग ने कहा है कि पार्टी यूपी में सभी 403 सीटों के लिए तैयारी कर रही है और गठबंधन का स्वरूप बाद में तय होगा। 

पार्टी नेताओं का कहना है कि फिलहाल सीट शेयरिंग को लेकर किसी दल के साथ बातचीत नहीं हुई है। उनका कहना है कि पार्टी समाज के लोगों को जोड़ने पर ध्यान दे रही है और गठबंधन हो या न हो, लोजपा (रामविलास) चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि झारखंड, बिहार और दिल्ली में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा गया है तो उत्तर प्रदेश में भी साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस बीच पुण्यतिथि कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों के लिए सक्रिय करने का संदेश दिया।

Also Read: बरेली में टीबी मुक्त भारत अभियान-जोश टीम का आगाज, कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.