सऊदी अरब सहित 10 देशों में पहला रोज़ा आज, भारत और तुर्की जैसे देशों में कल से शुरुआत
Sandesh Wahak Digital Desk: इस्लामी कैलेंडर के सबसे मुकद्दस (पवित्र) महीने रमज़ान की शुरुआत हो चुकी है। मंगलवार की शाम जैसे ही आसमान में अर्धचंद्र (Crescent Moon) नज़र आया, दुनिया भर के करोड़ों मुस्लिमों के चेहरे खिल उठे। सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) समेत कई खाड़ी देशों में आज यानी बुधवार, 18 फरवरी को रमज़ान का पहला रोज़ा रखा गया है।
सऊदी अरब के शाही दरबार और कई भरोसेमंद गवाहों द्वारा चाँद देखे जाने की तस्दीक (पुष्टि) के बाद आज से सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, कुवैत, बहरीन और यमन देशों में इबादत शुरू हो गई है। यरूशलम के मुफ्ती ने भी यह साफ किया है कि फ़लस्तीनी क्षेत्रों में भी बुधवार से ही रमज़ान की शुरुआत हुई है।
कुछ देशों में गुरुवार से शुरू होंगे रोज़े
दुनिया के हर कोने में चाँद दिखने का समय अलग-अलग होता है। मंगलवार शाम को चाँद नज़र न आने की वजह से कुछ देशों ने गुरुवार (19 फरवरी) को पहला रोज़ा रखने का फैसला किया है। इन देशों में सीरिया, तुर्की, मिस्र, जॉर्डन, ईरान, इंडोनेशिया और सिंगापुर शामिल हैं।
इस्लामी कैलेंडर (हिजरी संवत) के नौवें महीने ‘रमज़ान’ को बरकतों का महीना माना जाता है। इस पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग सूरज निकलने से पहले ‘सहरी’ (भोजन) करते हैं और सूर्यास्त के समय ‘इफ़्तार’ के साथ अपना रोज़ा खोलते हैं। इस दौरान पूरे दिन बिना अन्न-जल के रहकर खुदा की इबादत की जाती है और नेक काम किए जाते हैं।
Also Read: Lucknow News: अग्निवीर भर्ती रैली दौड़ के दौरान 3 महिला अभ्यर्थी बेहोश, एक घायल

