सुल्तानपुर के रामचेत मोची का निधन, राहुल गांधी ने परिजनों से बात कर जताया शोक, हर संभव मदद का आश्वासन

Sandesh Wahak Digital Desk:  उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में कैंसर और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे रामचेत मोची का आज सुबह निधन हो गया। रामचेत मोची वही व्यक्ति थे जिनकी चर्चा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कई मंचों से की थी।

रामचेत मोची के निधन की सूचना मिलते ही राहुल गांधी ने तत्काल उनके परिवार से मोबाइल पर बात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मोची के बेटे राघवराम से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और अमेठी व सुल्तानपुर से कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भेजकर परिवार को आर्थिक सहायता भी पहुंचाई।

राहुल गांधी से मुलाकात और चर्चा

रामचेत मोची पिछले वर्ष (2024) तब सुर्खियों में आए थे, जब विचाराधीन एक मामले में सुल्तानपुर आए राहुल गांधी का काफिला अचानक उनकी गुमटी पर रुक गया था। राहुल गांधी ने रामचेत से उनके व्यवसाय के बारे में बातचीत की, जूता-चप्पल सिलाई का गुण सीखा, और बाद में उन्हें एक अत्याधुनिक सिलाई मशीन और रॉ मैटेरियल भिजवाकर उनके बिज़नेस को बढ़ाने में मदद की थी। इसके बाद, राहुल गांधी ने रामचेत को दिल्ली भी बुलाया और उन्हें अपनी माँ सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा से भी मिलवाया था।

रामचेत की बीमारी (कैंसर और टीबी) की जानकारी मिलने पर राहुल गांधी ने उनका इलाज प्रयागराज के एक कैंसर अस्पताल से करवाना शुरू किया था। रामचेत मोची, सुल्तानपुर के कूरेभार थानाक्षेत्र के ढेसरुआ गांव के निवासी थे। राहुल गांधी के निर्देश पर अमेठी और सुल्तानपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत दर्जनों कार्यकर्ता उनके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।

Also Read: दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट: ATS की छापेमारी, सहारनपुर से 5 संदिग्ध हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.