सिद्धार्थनगर के रमेश वर्मा को वीर सावरकर नेशनल अवॉर्ड, 15KM लंबा तिरंगा फैलाकर बनाई पहचान
Sandesh Wahak Digital Desk: देशभक्ति और सामाजिक कार्यों को समर्पित वीर सावरकर नेशनल अवार्ड 2025 का सफल आयोजन राजधानी दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में हुआ। भर्ती युवा वेलफेयर एसोसिएशन (BYWA) के बैनर तले आयोजित इस भव्य समारोह में देश की जानी-मानी हस्तियाँ शामिल हुईं।
इस गरिमामयी अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, उत्तर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री रघुराज सिंह, लोकसभा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और पूर्व सांसद प्रदीप गांधी ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
वक्ताओं ने वीर सावरकर के राष्ट्रवादी विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके त्याग पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी अतिथियों ने युवा पीढ़ी से सावरकर के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

रमेश वर्मा ने रचा इतिहास
इस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण सिद्धार्थनगर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी रमेश वर्मा रहे, जिन्हें वीर सावरकर नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान राष्ट्र की एकता, अखंडता और समाजसेवा के लिए किए गए उनके विशिष्ट योगदान के लिए दिया गया।
रमेश वर्मा ने 23 जनवरी 2021 को सिद्धार्थनगर में विश्व का सबसे लंबा 15 किलोमीटर लंबा तिरंगा फैलाकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया था। यह आयोजन देश के प्रति उनकी अटूट देशभक्ति और जनएकता का अद्भुत उदाहरण बना था, जिसमें हजारों नागरिकों ने भाग लिया था।
वे वर्षों से शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उनका काम न केवल जिले, बल्कि पूरे पूर्वांचल के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।

यह पुरस्कार उन सभी देशभक्तों को समर्पित
पुरस्कार ग्रहण करते हुए रमेश वर्मा ने कहा, यह सम्मान मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं इसे उन सभी सहयोगियों और देशभक्तों को समर्पित करता हूँ, जिन्होंने तिरंगा यात्रा और सामाजिक कार्यों में मेरा साथ दिया। हमारा संकल्प है कि देश की एकता और जनसेवा की भावना को हम और आगे बढ़ाएंगे।
भर्ती युवा वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित नारायण ने कहा कि यह पुरस्कार युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का एक मंच है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता की अलख जलाने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी होते रहेंगे।
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी ट्रकों, फर्नीचर और दवाओं पर लगाया भारी टैरिफ

