UP News: अलीगढ़ जा रहे रामजीलाल सुमन हाउस अरेस्ट, कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे
Agra News: अलीगढ़ में दलित युवक से मारपीट के मामले अलीगढ़ जा रहे समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन को पुलिस ने घर पर ही रोक दिया है.

दरअसल, पुलिस ने सुमन को सुरक्षा का हवाला देते हुए नोटिस भी दिया है. वहीं, मीडिया से रूबरू हुए सपा सांसद ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर कहा कि भाजपा सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही है, जो दलितों पर लगातार बढ़ रहे अत्याचारों को दर्शा रही है. हमारी सुरक्षा के नाम पर घर में नजर बंद किया जा रहा है. जबकि खुराफाती लोग और गुंडे खुलेआम घूम रहे है.
आपको बता दें कि जैसे ही सुमन अलीगढ़ के लिए घर से निकले पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाकर रोक दिया है. इस दौरान सपा सांसद सुमन ने पुलिस से कहा कि आप सुरक्षा के नाम पर हमें नजर बंद कर रहे है. आप हमारी सुरक्षा न करें भगवान भरोसे सुरक्षा छोड़ दें.
‘हमारे कार्यकर्ता तलवार लेकर निकले तो…’

इस दौरान सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने ये भी कहा कि लोग घर तक आकर जानलेवा हमला कर रहे हैं. खुलेआम तलवारें लहरा रहे हैं. ऐसे लोग खुलेआम घूम रहे हैं. अगर हमारे कार्यकर्ता तलवार लेकर निकलेंगे तो हम जानते है आप उनके साथ क्या करेंगे?
काफी बहस होने के बाद भी जब पुलिस ने नहीं निकलने दिया तो सुमन अपने समर्थकों के साथ सड़क पर ही बैठ गए.
सुमन ने साफ तौर पर कहा कि पुलिस या तो हमें अलीगढ़ पीड़ित परिवार से मिलने जाने दे या पीड़ित परिवार को हमसे घर लाकर मिलाए. ताकि हम राष्ट्रीय अध्यक्ष से पीड़ित परिवार की मुलाकात करा सके. फिलहाल, सपा सांसद समर्थकों के साथ घर के बाहर हो धरने पर बैठे हुए है.

