दहेज में बुलेट और 5 लाख रुपये नहीं मिले तो नवविवाहिता की हत्या, पति समेत 4 गिरफ्तार

Uttarakhand News: उत्तराखंड के रामनगर में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 20 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही बुलेट बाइक और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद वारदात को आत्महत्या दिखाने की कोशिश भी की गई।

हल्द्वानी स्थित पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के डिलारी स्थित बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर की शादी 16 मई को रामनगर निवासी उवेश से हुई थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 16 अक्टूबर को उसकी हत्या कर दी गई।

कमीज पहनने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन सास नसरीन ने अपने छोटे बेटे की कमीज उवेश को पहनने के लिए दी थी। कोहिनूर ने इस पर आपत्ति जताई और पति से अपनी पसंद की कमीज पहनने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद कोहिनूर को करीब पांच घंटे तक भूखा-प्यासा रखा गया और कमरे में बंद कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बाद में ससुराल वालों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और कमरे में दोबारा पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। बचाव के दौरान कोहिनूर ने अपनी सास और ननद को धक्का दिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, पति उवेश ने घुटनों से दबाव डालकर कोहिनूर की दोनों कॉलर बोन यानी कंधे के पास की हड्डियां तोड़ दीं। आरोप है कि सास नसरीन ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसका गला दबाया गया और गर्दन की हड्डी भी तोड़ दी गई।

फंदे पर लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने कोहिनूर को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान डॉक्टर को गले पर फंदे का निशान नहीं मिला। इससे संदेह पैदा हुआ।

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि जिस जगह पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही गई थी, वहां इसके लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। इन परिस्थितियों के बाद पुलिस का शक गहराया और आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान हत्या का मामला सामने आया।

एसएसपी ने बताया कि मामले में पति उवेश, सास नसरीन, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड के आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.