रामपुर: आजम खां से मिलने जेल पहुंचीं पत्नी तजीन फातिमा, कहा- स्वास्थ्य में सुधार नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मिलने उनकी पत्नी और पूर्व विधायक डॉ. तजीन फातिमा आज रामपुर जिला कारागार पहुंचीं। उनके साथ आजम खां के बड़े बेटे अदीब आजम भी मौजूद रहे। जेल में करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के बाद तजीन फात्मा ने मीडिया से बातचीत की और आजम खां की सेहत को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।

स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता

मुलाकात के बाद जेल परिसर से बाहर आईं तजीन फातिमा ने बताया कि आजम खां की सेहत में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा, “आजम खां की तबीयत वैसी ही है जैसी पहले थी। उम्र के इस पड़ाव और लंबे समय से चल रहे इलाज के कारण उनकी सेहत को लेकर परिवार लगातार चिंतित रहता है।” तजीन फातिमा ने संकेत दिया कि उन्हें उचित चिकित्सकीय देखरेख की आवश्यकता है, हालांकि उन्होंने बहुत विस्तार से जानकारी साझा नहीं की।

‘न्यायालय पर पूरा भरोसा’

कानूनी प्रक्रियाओं और जेल में बंद होने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कानून के रास्ते पर अडिग हैं। तजीन फातिमा ने कहा कि “हमें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। हम कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और उम्मीद है कि अंततः हमें न्याय मिलेगा।

आपको बता दें कि आजम खां और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम वर्तमान में रामपुर की जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में हैं। तजीन फातिमा ने कहा कि परिवार उनके स्वास्थ्य पर निरंतर नजर बनाए हुए है और हर संभव कानूनी प्रयास किए जा रहे हैं।

Also Read: उन्नाव रेप केस में Supreme Court का बड़ा फैसला, दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर लगी रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.