Rampur News: नकली नोट असली करने का झांसा देकर तांत्रिक ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक पर आरोप है कि उसने युवती को बैग में सात करोड़ रुपये के मनोरंजन बैंक के नकली नोट देकर उन्हें असली करने का झांसा दिया। आरोप है कि तांत्रिक युवती को अपने पास बुलाकर तंत्र-मंत्र क्रिया करता था और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया। जिसके बाद शनिवार को पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर स्वार पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आर्थिक परेशानी का फायदा उठाकर बनाया शिकार

टांडा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी दौरान वह अपनी सहेली के माध्यम से स्वार थाना क्षेत्र के नरपत नगर निवासी तांत्रिक नासिर से मिली। नासिर ने तंत्र-मंत्र क्रिया के जरिए उसकी परेशानियां दूर करने का झांसा दिया। आरोप है कि एक दिन तांत्रिक ने उसे एक बैग दिया, जिसमें मनोरंजन बैंक के नकली नोट थे। तांत्रिक ने दावा किया कि तंत्र-मंत्र क्रिया से ये नोट असली हो जाएंगे। युवती उसके झांसे में आ गई और तंत्र-मंत्र क्रिया के लिए उसके पास जाने लगी। आरोप है कि तांत्रिक चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उससे दुष्कर्म करता था। जब लंबे समय तक नोट असली नहीं हुए और युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी के आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। शिकायत के अनुसार आरोपी, उसके गुरु, बेटी, दामाद, पुत्र समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और युवती के साथ मारपीट की। शोर मचाने पर युवती का मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये छीन लिए गए। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उपनिरीक्षक अजय कुमार के मुताबिक आरोपी नासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दो साल से चल रहा था झांसे का खेल

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले दो साल से युवती को परेशान कर रहा था। आरोपी ने साल 2024 और 2025 के दौरान तंत्र क्रिया के जरिए नकली नोट असली करने का झांसा दिया और युवती भरोसा कर उसके पास जाती रही।

वहीं इस मामले में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि युवती ने तांत्रिक पर तंत्र-मंत्र क्रिया के नाम पर झांसे में लेकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्य एकत्र कर मामले की विवेचना कर रही है।

 

Also Read: भारत-मलेशिया संबंधों को नई मजबूती, आतंकवाद पर PM मोदी ने दिया स्पष्ट संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.