Rampur News: 3 दिन पहली तो 3 दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा युवक, पंचायत ने किया पति का बंटवारा

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए हैं। यहां एक म्यान में दो तलवारें रहने की कहावत को सुलझाने के लिए पंचायत ने ऐसा फैसला सुनाया है, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मामला दो पत्नियों के बीच पति के बंटवारे का है, जिसके लिए सप्ताह के सातों दिनों का बाकायदा लिखित शेड्यूल तैयार किया गया है।

पुलिस के बाद पंचायत में पहुंचा मामला

दरअसल यह पूरा मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव का है। यहां मुस्लिम समुदाय के एक युवक ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी अरेंज मैरिज के जरिए घर आई थी, जबकि दूसरी पत्नी के साथ युवक ने लव मैरिज की थी। शुरुआत में परिवार में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ दोनों पत्नियों के बीच पति को अपने पास रखने को लेकर खींचतान शुरू हो गई। विवाद बढ़ता चला गया और घर का सुकून खत्म हो गया। हालात इतने बिगड़े कि मामला थाने तक पहुंच गया।

जिसके बाद मामले में पुलिस तक शिकायत पहुंचने के बाद गांव के लोगों ने सामाजिक स्तर पर विवाद सुलझाने की पहल की। इसके लिए पंचायत बुलाई गई, जहां पंचों ने पति और दोनों पत्नियों की बात विस्तार से सुनी। लंबे विचार विमर्श के बाद पंचायत ने झगड़ा खत्म करने के लिए दिनों के बंटवारे का अनोखा फॉर्मूला तैयार किया।

सप्ताह के दिनों में किया गया पति का बंटवारा

पंचायत के फैसले के मुताबिक सप्ताह के शुरुआती तीन दिन पति पहली पत्नी के साथ रहेगा। इसके बाद अगले तीन दिन दूसरी पत्नी के लिए तय किए गए। सबसे दिलचस्प फैसला रविवार को लेकर हुआ, जिसे पंचायत ने पति के लिए छुट्टी का दिन घोषित कर दिया। इस दिन पति दोनों पत्नियों से अलग रहेगा और अपनी मर्जी से समय बिताएगा। पंचायत ने विशेष परिस्थितियों में एक दिन आगे पीछे करने की छूट भी दी है। भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए इस पूरे समझौते को लिखित रूप में दर्ज किया गया और पति व दोनों पत्नियों के हस्ताक्षर कराए गए।

वहीं पति के बंटवारे का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बिहार के पूर्णिया जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है। वहां भी एक युवक ने पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली थी। जब मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा, तो वहां भी सप्ताह के सात दिनों को दोनों पत्नियों के बीच बांटकर विवाद का समाधान निकाला गया था।

इलाके में बना चर्चा का विषय

दरअसल रामपुर का यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। लोग पंचायत के इस फैसले को लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे व्यावहारिक समाधान बता रहे हैं, तो कुछ इसे सामाजिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला फैसला मान रहे हैं। फिलहाल पंचायत का यह अनोखा फॉर्मूला विवाद को शांत करने में सफल रहा है।

 

Also Read: साउथ सिनेमा जगत के दिग्गज एक्टर Kamal Roy का निधन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.