रानी मुखर्जी को मिला पहला राष्ट्रीय पुरस्कार, दिवंगत पिता को किया समर्पित
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रानी मुखर्जी को उनके शानदार अभिनय के लिए पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान उनकी फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मिला। इस खास मौके पर रानी ने यह पुरस्कार अपने दिवंगत पिता राम मुखर्जी को समर्पित किया।
पिता का सपना हुआ पूरा
रानी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि यह उनके अभिनय करियर के 30 साल पूरे होने पर मिला है। उन्होंने कहा, यह मेरे पिता का सपना था कि मुझे राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। मैं आज उन्हें बहुत याद कर रही हूं। उन्होंने अपनी इस जीत का श्रेय अपनी मां की प्रेरणा और पिता की दुआओं को दिया।
फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे साल 2011 में नॉर्वे में रहने वाले एक भारतीय दंपति की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिनके बच्चों को नॉर्वे सरकार ने उनसे अलग कर दिया था। इस फिल्म में रानी ने एक मां के संघर्ष को बड़े ही प्रभावशाली तरीके से दिखाया है। रानी ने बताया कि एक मां होने के नाते यह किरदार उनके लिए बेहद निजी था और वह इससे दिल से जुड़ी हुई थीं।
अवॉर्ड पूरी टीम और फैंस को समर्पित
रानी ने अपनी फिल्म की निर्देशक आशिमा छिब्बर और निर्माता निखिल आडवाणी सहित पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने अपने फैंस का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा पर मुस्लिम देशों के नेताओं के साथ की बैठक, बोले- आज की सबसे अहम मुलाकात

