पेट्रोल भरवाने के दौरान RAS अधिकारी और कर्मचारी भिड़े, सरेआम हुई हाथापाई, 3 पंपकर्मी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: भीलवाड़ा जिले से गुजरने वाले अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रायला थाना क्षेत्र के जसवन्तपुरा स्थित सीएनजी पंप पर राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के एक अधिकारी और पंप कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई।
मामला इतना बढ़ गया कि मांडल कस्बे के पूर्व उपखंड अधिकारी (SDM) और वर्तमान में प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर सहायक निदेशक लोक सेवा के पद पर तैनात छोटू लाल शर्मा ने एक पंपकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके जवाब में पंपकर्मी ने भी प्रशासनिक अधिकारी पर पलटवार करते हुए हाथ उठा दिया।
मैं एसडीएम हूं, मेरे पर हाथ उठाएगा? — तेरी बहन की #####-
ये कहानी है श्री छोटू लाल शर्मा की
जो वर्तमान में राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।घटना भीलवाड़ा जिले के जसवंतपुरा थाना क्षेत्र की है जहाँ एक पेट्रोल पंप पर इन्होंने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया… pic.twitter.com/avdkBCqjr5
— Dr.shareen (@drshareen00) October 23, 2025
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का फुटेज
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही रायला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हाथापाई के आरोप में जसवन्तपुरा पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारियों, दीपक माली, प्रभु लाल कुमावत और राजा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों पक्षों द्वारा की गई मारपीट की जांच कर रही है।
आरएएस अधिकारी छोटू लाल शर्मा ने अपनी सफाई में बताया कि वे दीपावली से पहले अपने बड़े भाई की मृत्यु के बाद पहला त्यौहार मनाने अपने परिवार के साथ केकड़ी जिले के ईरणिया गांव जा रहे थे। जसवंतपुरा के पास गाड़ी में ईंधन भरवाने के लिए वे पंप पर रुके।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंप कर्मियों ने उनकी पत्नी को ‘बुरी नजर’ से देखा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सारे पंपकर्मी इकट्ठा हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अधिकारी ने स्वीकार किया कि बीच-बचाव के दौरान उन्होंने भी एक पंपकर्मी को थप्पड़ मारा था। वायरल हो रहे वीडियो को लेकर उन्होंने दावा किया कि वह एडिट किया हुआ है।
वहीं, आरएएस अधिकारी की पत्नी दीपिका व्यास ने पुलिस को दी गई अपनी रिपोर्ट में पंप कर्मियों पर बुरी नजर से देखने और विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Also Read: IND vs AUS: रोहित शर्मा के नाम दर्ज हुआ नया कीर्तिमान

